सिवानी मंडी। शहर में वीरवार देर रात प्रवासी मजदूरों की तरफ से एक मकान में प्रतिबंधित मांस पकाने की सूचना के बाद कुछ लोगों ने जमकर बवाल किया। सूचना मिलते ही भारी संख्या में लोग जमा होना शुरू हो गए। मामले की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने मशक्कत के बाद 15 प्रवासी मजदूरों को गाड़ियों में बैठकर हिरासत में लिया।
जानकारी के अनुसार सिवानी के वार्ड 9 के एक मकान में कुछ लोग बिहार से आकर रह रहे है और यह लोग शहर में मजदूरी करने का काम करते हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि उन्हें शक था कि यहां पर मकान में प्रतिबंधित मांस पकाया जा रहा है। शक के आधार पर जब वे वीरवार रात करीब नौ बजे मकान में पहुंचे तो वहां मौजूद लोग मांस पका व खा रहे थे।
जिस पर कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और मामले को बढ़ता देख कर मकान के आसपास रहने वाले लोगों ने मामले की सूचना सिवानी पुलिस को दी। मौके पर सैंकड़ों लोग जमा हो गए और मकान को घेर लिया। मामले की सूचना सिवानी पुलिस को मिली तो थाना प्रभारी थाना के अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर तुरंत पहुंच गए और स्वयं मकान के अंदर जाकर मामले की तस्दीक की।
मकान के बाहर मौजूद लोगों को अंदर जानकारी दी और समझाया कि अगर इस मामले में कोई अप्रिय घटना होती है तो यह शहर के लिए गंभीर मामला होगा। जिसके बाद उन्होंने आम लोगों से मकान के अंदर मौजूद लोगों को पूछताछ के लिए सिवानी थाना में ले जाने की बात कही।