अभी अभीः कोटा में भीषण हादसा, 3 मंजिला इमारत ढही-मचा हाहाकार

कोटा। राजस्थान के कोटा में शनिवार रात करीब 9 बजे एक 3 मंजिला बिल्डिंग ढह गई। मलबे में स्टूडेंट्स समेत कई लोगों के दब गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि 6 घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इमारत गिरने की सूचना पर पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अब तक 7 लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा चुका है।

हालात यह थे कि मलबे में दबे लोग चीख रहे थे, हमें बचा लो। किसी का हाथ बाहर दिख रहा था तो किसी का पैर। एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय लोग मलबे में दबे लोगों को निकाल रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, तलवंडी इलाके में इस बिल्डिंग के अंदर एक रेस्टोरेंट चल रहा था। घटना के समय कुछ ग्राहक और रेस्टोरेंट में काम करने वाले 12 से 15 कर्मचारी मौजूद थे, जिनके मलबे में दबे होने की आशंका है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- हमें आवाज आई जैसे पटाखे छूट रहे हों। हम तुरंत मौके पर पहुंचे। रात करीब 9 बजे के ब्लास्ट की आवाज आई और बिल्डिंग नीचे गिर गई। अंदर से बचाओ-बचाओ की आवाजें आ रही थी। इस बिल्डिंग के पीछे की बिल्डिंग में कई दिनों से काम चल रहा है। डेली ड्रिल मशीन, हैमर चलते हैं, जिसके कारण पूरी बिल्डिंग में वाइब्रेशन हो रहा था।