नई दिल्ली। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को सोमवार को एम्स के कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया है। दो दिन पहले वे वॉशरूम में बेहोश होकर गिर पड़े थे। पहले उन्हें मेदांता हास्पिटल में भर्ती कराया गया। इसके बाद सोमवार को दोपहर दो बजे एम्स लाया गया। यहां कार्डियोलॉजी विभाग में उन्हें भर्ती कराया गया हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पूर्व उपराष्ट्रपति को हृदय से संबंधित समस्या पहले से रही है। कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में बेहोश होते रहे हैं, जिसमें कच्छ का रण, उत्तराखंड, केरल और दिल्ली की घटनाएं शामिल हैं। स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने 21 जुलाई 2025 को उपराष्ट्रपति के पद से इस्तीफा दे दिया था।
धनखड़ की हुई थी एंजियोप्लास्टी उपराष्ट्रपति रहने के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एम्स में ही भर्ती कराया गया था। उस दौरान एंजियोप्लास्टी भी की गई थी। उसके बाद भी एक-दो बार एम्स में ही भर्ती कर उनका इलाज चला। इस बार भी जब फिर से बेहोश हुए तो पहले नजदीकी अस्पताल में आपात चिकित्सा दी गई। उसके बाद आगे के इलाज के लिए एम्स लाया गया है।
पिछले वर्ष आवास के लिए सरकार के लिखा था पत्र इस्तीफे के पांच महीने बाद भी पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को सरकारी आवास नहीं मिला था। कुछ करीबी लोगों ने इसकी जानकारी दी थी। 22 अगस्त 2025 को आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के सचिव को पत्र लिखकर उन्होंने पूर्व उप-राष्ट्रपतियों को प्राप्त होने वाले आधिकारिक आवास का अनुरोध किया था।
अधिकारियों के मुताबिक पूर्व उपराष्ट्रपति दो लाख रुपये प्रति महीने की पेंशन, टाइप आठ बंगला, एक निजी सचिव, एक अतिरिक्त निजी सचिव, एक निजी सहायक, एक चिकित्सक, एक नर्सिंग अफसर समेत चार निजी सहायक के हकदार होते हैं। यह भी पढ़ें- सीबीआई के अधिकार क्षेत्र पर भुल्लर ने याचिका वापस ली, हाई कोर्ट ने नई याचिका दायर करने की छूट दी.