तबाही सामने! 47 विमान रद्द, ट्रेनें कैंसिल, स्कूल बंद, NDRF हाई-अलर्ट पर-इन राज्यों पर असर

Cyclone Ditwah Alert: भारत में आज रविवार (30 नवंबर) को श्रीलंका में भारी तबाही मचाने के बाद चक्रवात ‘दित्वाह’ का असर दिखेगा। दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों की तरफ साइक्लोन दित्वाह तेजी से बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने साफ चेतावनी दी है कि तूफान रविवार को भारत के तटों के बेहद करीब से गुजरने वाला है। इसके असर से उड़ानें रद्द हो रही हैं, ट्रेनें रोकी जा रही हैं और राज्यों में एडमिनिस्ट्रेशन को हाई-अलर्ट पर रहना पड़ रहा है।

श्रीलंका में कहर बरपाने के बाद अब भारत की ओर दित्वाह की दस्तक
चक्रवात दित्वाह श्रीलंका में ऐसी तबाही लेकर आया कि 150 से ज्यादा लोगों की जान चली गई और करीब 20,000 घर पूरी तरह तबाह हो गए। 1 लाख से ज्यादा लोग सरकारी शेल्टर में रहने को मजबूर हुए। बाढ़ और लैंडस्लाइड की वजह से 191 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

इस तबाही के बाद तूफान उत्तर की ओर बढ़ा और अब उसका रास्ता सीधे भारत के दक्षिणी तट से होकर गुजर रहा है। IMD का कहना है कि दित्वाह भारत की धरती पर लैंडफॉल नहीं करेगा, लेकिन तट से महज 25 किलोमीटर की दूरी पर गुजरने के कारण इसका असर बेहद खतरनाक हो सकता है।

🟡 तमिलनाडु-पुडुचेरी में रेड और ऑरेंज अलर्ट, हवाएं 80 kmph तक
IMD ने कुड्डालोर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, विल्लुपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। पुडुचेरी-कराईकल क्षेत्र के लिए भी भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है।

मौसम विभाग प्रमुख एम मोहापात्रा के मुताबिक, दित्वाह के दौरान हवाएं 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं। समुद्र में ऊंची लहरें उठेंगी और तटीय इलाकों में जलभराव का खतरा बढ़ेगा। मछुआरों को समुद्र में जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

🟡 दित्वाह का सबसे नजदीकी पॉइंट: शाम को तट से मात्र 25 किमी दूर
IMD अपडेट के अनुसार तूफान रविवार शाम को तमिलनाडु-पुडुचेरी तट से सिर्फ 25 किलोमीटर की दूरी पर होगा। विशेषज्ञों का कहना है कि भले ही तूफान तट पर लैंडफॉल नहीं करेगा, लेकिन इसका ऑफशोर मूवमेंट भी समुद्री इलाकों में खतरनाक लहरें, तेज हवाएं और बारिश ला सकता है।

सरकार और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक बाहर न निकलें, समुद्र किनारे जाने से बचें और मौसम अपडेट पर नजर रखें। किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने को कहा गया है।

🟡 चेन्नई एयरपोर्ट पर बड़ा झटका: 47 उड़ानें रद्द, और भी उड़ानें रुक सकती हैं
चक्रवात के असर से चेन्नई एयरपोर्ट पर हालात बिगड़ गए हैं। रविवार के लिए कुल 47 उड़ानें रद्द की गई हैं जिनमें 36 घरेलू और 11 अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स शामिल हैं।

अधिकारियों का कहना है कि मौसम तेजी से बदल रहा है और आगे भी और उड़ानें कैंसिल करनी पड़ सकती हैं। यात्रियों को एयरपोर्ट आने से पहले शेड्यूल की जांच करने की अपील की गई है। श्रीलंका में फंसे करीब 300 भारतीय यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं क्योंकि चेन्नई की फ्लाइटें बंद होने के कारण वे तीन दिनों से कोलंबो एयरपोर्ट पर ही रुके हुए हैं।

🟡 ट्रेनें भी प्रभावित, रेलवे ने वॉर रूम एक्टिव किया
रेलवे ने खराब मौसम के चलते कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है। दक्षिण रेलवे ने एक वॉर रूम सक्रिय कर दिया है ताकि हालात पर लगातार नजर रखी जा सके और यात्रियों को तुरंत जानकारी दी जा सके।

🟡 स्कूल-कॉलेज बंद, यूनिवर्सिटीज ने परीक्षाएं टालीं
तूफान के असर से तमिलनाडु और पुडुचेरी में शिक्षा व्यवस्था पर भी असर पड़ा है। पुडुचेरी सेंट्रल यूनिवर्सिटी ने अपनी सभी परीक्षाएं टाल दी हैं। पुडुचेरी, कराईकल, माहे और यनम में सोमवार तक सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।

🟡28 से ज्यादा NDRF-SDRF टीमें तैनात, गुजरात से भी आई फोर्स
तमिलनाडु सरकार ने हालात की गंभीरता को देखते हुए तटीय जिलों में 28 से ज्यादा NDRF और SDRF टीमों को तैनात किया है। इसके अलावा गुजरात के वडोदरा से NDRF की 6वीं बटालियन की पांच विशेष टीमें चेन्नई एयरलिफ्ट कर भेजी गई हैं।

ये टीमें फॉल वाटर रेस्क्यू और सीएसएसआर इक्विपमेंट से लैस हैं, ताकि किसी भी इमरजेंसी में तुरंत कार्रवाई की जा सके। NDRF हेडक्वॉर्टर लगातार IMD, NDMA, राज्य सरकारों और विदेश मंत्रालय के संपर्क में है। श्रीलंका में भी भारतीय NDRF टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

🟡तमिलनाडु के तटीय इलाकों में बारिश और तेज हवाओं ने बढ़ाई मुश्किलें
शनिवार को ही रामनाथपुरम, नागपट्टिनम और आसपास के कई क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ तूफान का असर दिखने लगा। कई जगह पेड़ उखड़ गए, बिजली सप्लाई बाधित हुई और निचले इलाकों में पानी भर गया। प्रशासन ने समुद्र किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है।

🟡आंध्र प्रदेश में 4 दिन का भारी बारिश अलर्ट
IMD ने चेतावनी दी है कि आंध्र प्रदेश के प्रकाशम, नेल्लोर, कडप्पा और अन्नामय्या जिलों में 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना के कई हिस्सों में भी रविवार को भारी बारिश का अनुमान है।

🟡भारत की मदद श्रीलंका में जारी, 21 टन राहत सामग्री भेजी गई
भारत ने न सिर्फ अपने तटीय राज्यों में पूरी तैयारी कर रखी है, बल्कि श्रीलंका में भी मदद पहुंचाई है। NDRF की दो विशेष टीमें श्रीलंका में रेस्क्यू मिशन पर काम कर रही हैं। भारतीय वायुसेना के विमान 21 टन राहत सामग्री लेकर श्रीलंका पहुंचे हैं। भारतीय हाई कमीशन ने कोलंबो एयरपोर्ट पर stranded भारतीयों के लिए इमरजेंसी हेल्प डेस्क भी तैयार किया है।