घर जलाया- दुकानें लुटीं, हाथ बांधकर फिर.. आतंकियों ने 162 से ज्यादा लोगों का किया बेरहमी से कत्ल

नाइजीरिया में सुरक्षा का हाल दिन-ब-दिन बिगड़ता जा रहा है. इस देश में लोगों की जिंदगी नरक से बदतर होती जा रही है. एक बार फिर खून की नदियां यहां बही है. पश्चिमी नाइजीरिया के क्वारा (Kwara) राज्य के वोर्रो और नूकू गांवों में इस्लामिक आतंकियों ने ऐसा कहर बरपाया, जिसे सुनकर रूह कांप जाए.मंगलवार शाम हथियारबंद हमलावर गांवों में घुसे और अंधाधुंध हत्या शुरू कर दी.अब तक 162 से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है.

घर जले, दुकानें लुटीं, लोग बांधकर मारे गए
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय टीवी फुटेज में भयावह मंजर सामने आए हैं.जगह-जगह जली हुई झोपड़ियां, राख में बदली दुकानें और खून से सनी लाशें पड़ी हैं.कई शवों के हाथ बंधे हुए थे, जिससे साफ है कि लोगों को पकड़कर बेरहमी से मारा गया.गांव में चीख-पुकार के अलावा कुछ भी नहीं बचा.

सांसद ने बताया सबसे बड़ा हमला
इस इलाके से सांसद मोहम्मद ओमर बायो ने बताया कि यह हाल के महीनों का सबसे घातक हमला है.उन्होंने कहा कि हमले के पीछे ‘लाकुरावा’ नाम का आतंकी संगठन हो सकता है, जो इस्लामिक स्टेट से जुड़ा माना जाता है.हालांकि अब तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.

रेड क्रॉस नहीं पहुंच सका, मौत का आंकड़ा बढ़ने का डर
क्वारा राज्य रेड क्रॉस के सचिव आयोडेजी इमैनुएल बाबाओमो के मुताबिक गांव बेहद दूरदराज इलाके में हैं और वहां पहुंचना आसान नहीं है.राहत टीमें अब तक पूरी तरह मौके पर नहीं पहुंच पाई हैं.ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है.

एमनेस्टी इंटरनेशनल का बड़ा आरोप
मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल ने दावा किया है कि इस हमले में 170 से ज्यादा लोग मारे गए हैं.संगठन का कहना है कि आतंकियों ने बीते पांच महीनों से गांववालों को धमकी भरे पत्र भेजे थे, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां समय रहते कोई कदम नहीं उठा सकीं.

सरकार बोली- आतंकी हताश हैं
क्वारा राज्य के गवर्नर अब्दुलरहमान अब्दुलरज़ाक ने हमले को आतंकियों की हताशा बताया.उन्होंने कहा कि सेना की कार्रवाई से बौखलाकर आतंकी आम लोगों को निशाना बना रहे हैं.सरकार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है.

नाइजीरिया में क्यों थम नहीं रही हिंसा
नाइजीरिया लंबे समय से आतंकी हिंसा, अपहरण और लूट की मार झेल रहा है.बोको हराम और इस्लामिक स्टेट से जुड़े कई संगठन अलग-अलग इलाकों में सक्रिय हैं.हाल के दिनों में उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य नाइजीरिया में हमलों की संख्या तेजी से बढ़ी है.