मुजफ्फरनगर में 27 करोड़ से ऑडिटोरियम बनेगा:मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने निर्माण स्थल देखा

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर को जल्द ही एक अत्याधुनिक बहुआयामी ऑडिटोरियम की सौगात मिलेगी। लगभग 27 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस परियोजना के शिलान्यास से पूर्व, उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने आज महावीर चौक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जी.आई.सी.) परिसर में परियोजना स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों, तकनीकी विशेषज्ञों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों के साथ गहन चर्चा की। उन्होंने परियोजना की समग्र रूपरेखा, भवन संरचना, आधुनिक तकनीकी सुविधाओं, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, अग्नि एवं सुरक्षा मानकों तथा निर्माण की समयसीमा पर विचार-विमर्श किया।

मंत्री अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों, पूर्ण पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए। इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर जिले को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए संतुलित विकास की दिशा में कार्य कर रही है। मुजफ्फरनगर में प्रस्तावित यह बहुआयामी ऑडिटोरियम शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

उन्होंने बताया कि यह परियोजना विद्यार्थियों, युवाओं, कलाकारों और सामाजिक संगठनों को एक आधुनिक मंच उपलब्ध कराएगी। योगी सरकार का संकल्प है कि विकास केवल राजधानी तक सीमित न रहे, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद तक पहुंचे।

प्रस्तावित बहुआयामी ऑडिटोरियम में अत्याधुनिक ऑडियो-विजुअल सिस्टम, उच्च स्तरीय ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बैठने की क्षमता तथा बहुउपयोगी मंच जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

यह परियोजना शैक्षणिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं बौद्धिक गतिविधियों को नया आयाम देने के साथ-साथ मुज़फ्फरनगर की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करेगी। निरीक्षण के दौरान जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, भाजपा नेता जितेन्द्र कुच्छल, नवनीत कुच्छल, विपुल भटनागर, कैप्टन प्रवीण, डॉ. जीत सिंह तोमर, वी.सी. एम.डी.ए. कविता मीणा, सी.डी.ओ. कमल किशोर, सचिव कुंवर बहादुर सिंह, एक्सईएन विनीत अग्रवाल, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी अनिल कुमार राणा, एई ड़ी.के. तोमर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।