होर्मुज के पास ऑयल टैंकर पर मिसाइल अटैक: 3 भारतीय लापता, 21 बचाए गए-मचा हडकंप

Missile attack on oil tanker near Hormuz: 3 Indians missing, 21 rescued – panic ensues.
Missile attack on oil tanker near Hormuz: 3 Indians missing, 21 rescued – panic ensues.

वॉशिंगटन। होर्मुज स्ट्रेट के पास मिसाइल हमले से ‘सेत्तेबेल्लो’ नाम के ऑयल टैंकर के इंजन रूम में आग लग गई। इस जहाज पर 28 लोग सवार थे, जिसमें से 24 भारतीय थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक 3 भारतीय अभी भी लापता हैं, जबकि 21 को बचा लिया गया।

इस टैंकर पर पलाऊ देश का झंडा लगा हुआ था। हमले के वक्त ये ओमान के सोहार बंदरगाह से करीब 37 किलोमीटर दूर था। यह हमला किसने किया था, अभी इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।

भारत सरकार ने हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोकल अधिकारियों के साथ चलाए जा रहे सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन में कॉर्डिनेट कर रहा है।

आशंका जताई गई है कि यह हमला अमेरिका ने किया था। वहीं, भारत सरकार ने नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के प्रभारी राजदूत (चार्ज द अफेयर्स) जेसन मीक्स को तलब किया है।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…

1. अमेरिका ने ईरान पर हवाई हमले किए: होर्मुज स्ट्रेट के पास अमेरिकी अपाचे हेलिकॉप्टर गिरने के बाद अमेरिका ने ईरान पर जवाबी हमले किए। ट्रम्प ने आरोप लगाया कि हेलिकॉप्टर ईरान ने गिराया था, जबकि तेहरान ने हर हमले का जवाब देने की चेतावनी दी।

2. ट्रम्प बोले- 2 हफ्ते में ईरान पर ‘पूरी जीत’ का ऐलान करेंगे: रिपब्लिकन रैली में ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिका ईरान के खिलाफ बढ़त बनाए हुए है और अगले दो हफ्तों में “टोटल विक्ट्री” घोषित करेगा। उन्होंने कहा कि इससे तेल की कीमतें भी नीचे आएंगी।

3. इजराइल की चेतावनी- जरूरत पड़ी तो फिर करेंगे हमला: इजराइली सेना प्रमुख एयाल जामिर ने कहा कि हालिया ऑपरेशन सिर्फ शुरुआत थी। जरूरत पड़ने पर इजराइल ईरान पर और बड़े हमले करने के लिए तैयार है।

4. ट्रम्प-नेतन्याहू के रिश्तों में बढ़ी दूरी: ईरान-इजराइल तनाव के बीच ट्रम्प ने नेतन्याहू को चेताया कि संघर्ष बढ़ाने पर इजराइल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ सकता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि दोनों नेताओं के बीच मतभेद अब खुलकर सामने आने लगे हैं।

5. होर्मुज के पास अमेरिकी अपाचे हेलिकॉप्टर क्रैश: AH-64 अपाचे हेलिकॉप्टर होर्मुज स्ट्रेट के पास समुद्र में गिर गया। दोनों पायलट सुरक्षित बचा लिए गए। अमेरिकी सेना ने पहली बार समुद्र में ड्रोन बोट का इस्तेमाल कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। हादसे की जांच जारी है।