नेपाल में अराजकता की स्थिति अब भी जारी है और प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के इस्तीफे के बाद भी हिंसक प्रदर्शनों का दौर थमा नहीं है. सोमवार को पुलिस की झड़प में कम से कम 20 प्रदर्शनकारियों की मौत के बाद नाराज जेन-जी प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार को भारी तोड़-फोड़ की और कई मंत्रियों, नेताओं के घरों को आग के हवाले कर दिया. इसी क्रम में प्रदर्शनकारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा के काठमांडू में बुदानिलकांठा स्थित घर पर हमला किया.
प्रदर्शनकारियों ने घर पर मौजूद देउबा और उनकी पत्नी नेपाल की विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा को बुरी तरह पीटा. सेना के हस्तक्षेप के बाद देउबा की जान तो बच गई लेकिन आरजू का कुछ पता नहीं चल पा रहा है.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें देखा जा सकता है कि प्रदर्शनकारी आरजू को लात-घूसों से पीटते नजर आ रहे हैं. आरजू हमले में बुरी तरह घायल हुई थीं. उनके पति को तो बचा लिया गया लेकिन उन्हें लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आ पा रही है. फिलहाल यह पता नहीं है कि देश की विदेश मंत्री इस वक्त कहां हैं.
‘मेरा होटल जला दिया, लोग टूरिस्ट को भी नहीं छोड़ रहे’
नेपाल में चल रहे Gen Z विरोध प्रदर्शनों के दौरान पोखरा से एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में एक भारतीय महिला भारत सरकार से मदद की गुहार लगाती दिख रही है।
उपासना गिल नाम की इस महिला ने दावा किया है कि प्रदर्शनकारियों ने उस होटल में आग लगा दी, जहां वह ठहरी हुई थी। वह एक स्पा में थी और बाद में लाठी-डंडे लिए एक भीड़ उसके पीछे दौड़ पड़ी, जिससे उसे अपनी जान बचाने के लिए भागना पड़ा। महिला ने आगे बताया कि वह एक वॉलीबॉल लीग की मेजबानी के लिए नेपाल आई थी। वीडियो में भारतीय महिला कहती सुनाई दे रही है।
उसने कहा, “मेरा नाम उपासना गिल है और मैं यह वीडियो प्रफुल्ल गर्ग को भेज रही हूं। मैं भारतीय दूतावास से अनुरोध करती हूं कि कृपया हमारी मदद करें। जो भी हमारी मदद कर सकते हैं, कृपया मदद करें। मैं नेपाल के पोखरा में फंसी हुई हूं। मैं यहां वॉलीबॉल लीग की मेजबानी करने आई थी और जिस होटल में मैं ठहरी थी, वह जलकर खाक हो गया है। मेरा सारा सामान, मेरा सारा सामान, मेरे कमरे में था और पूरे होटल में आग लग गई। मैं स्पा में थी और लोग मेरे पीछे बड़ी-बड़ी लाठियां लेकर दौड़ रहे थे और मैं मुश्किल से अपनी जान बचाकर भाग पाई।”