शामली। कैराना नगर के मुहल्ला निवासी सलमान का पत्नी संग विवाद होने पर पीड़ित ने चार बच्चों के साथ यमुना नदी में छलांग लगा दी। एक व्यक्ति व चार बच्चों के यमुना में डूबने की सूचना पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं नदी में सर्च अभियान चलाया गया। यमुना तट पर भारी भीड़ एकत्र हो गई है।
शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे नगर के मुहल्ला अफगानान हाल निवासी खेल कलां सलमान पुत्र शफीक अपनी बारह वर्षीया बेटी महक, पांच वर्षीया शिफा, आठ माह की मासूम इनायशा व तीन वर्षीय बेटे आयान के साथ यमुना नदी पर पहुंचा। जिसके बाद उसने अपनी तीन लड़कियों व एक बेटे के साथ पुल से नदी में छलांग लगा दी। पीड़ित ने हादसे से पूर्व वीडियो में कहा कि उसकी पत्नी का किसी के अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा हैं। जिसकी वजह से वह गत सात माह से परेशान हैं। घटना का जिम्मेदार पत्नी व उसके प्रेमी को ठहराया। वहीं बहन गुलिस्ता ने बताया कि शुक्रवार की प्रातः भाई सलमान बच्चों को साथ लेकर घर से निकला था। दोपहर में उसने एक वीडियो भेजा था। लेकिन वह उसे ठीक से देख नहीं पाई।
वीडियो से खुला राज, मचा हड़कंप
शनिवार को स्वजन ने वीडियो का संज्ञान लिया जिसके बाद घटना का राजफाश हुआ। स्वजन व मुहल्ले के लोग यमुना पुल पर पहुंचे। वहीं हादसे की जानकारी मिलने पर एसडीएम निधि भारद्वाज व सीओ श्याम सिंह मौके पर पहुंचे। वहीं गोताखोरों की टीम को निर्देश देते हुए सर्च अभियान शुरू कराया।
घाट पर जुटी सैकड़ों की भीड़
एक पिता के चार बच्चों के साथ यमुना नदी में डूबने की सूचना पर नगर के सैकड़ों लोगों की भीड़ नदी पर पहुंच गई। सभी यमुना की ओर टकटकी लगाए देख रहे हैं। इस दौरान पालिका अध्यक्ष शमशाद अंसारी, सभासद उम्मेद राणा व पूर्व सभासद मेहरबान अंसारी सहित अनेक लोग मौजूद हैं।