भीषण सड़क हादसे से मौत ही मौतः 11 लोगों की बिछी लाशें-दहल गये लोग

रुद्रप्रयाग। टिहरी और रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार को दो अलग-अलग हादसों में 11 लोगों की मौत हो गई।

इनमें आठ लोग ऋषिकेश से अंत्येष्टि कर लौट रहे थे। हादसों का कारण वाहन की तेज गति और चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटनाओं पर दुख जताते हुए मृतकों और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

पहला हादसा टिहरी में चंबा-कोटी कालोनी मोटर मार्ग पर नैल गांव के पास दोपहर ढाई बजे हुआ। यहां मैक्स कैंपर वाहन अनियंत्रित होकर सीमेंट के पैराफिट को तोड़ते हुए करीब 300 मीटर खाई में गिर गया।

इसमें सवार 10 लोग चकरेड़ा घनसाली निवासी प्रेमलाल के पिता संपत लाल का अंतिम संस्कार करके ऋषिकेश से लौट रहे थे। पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर सभी घायलों को निकाला। घायल उत्तम और अंकित को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की सूची
ठेला निवासी विजय लाल (36)
आशा लाल (40)
चकरेड़ा के प्रेमलाल (37)
महावीर लाल (60)
सेहत लाल (65)
होल्टा निवासी चालक शिव सिंह (35)
चांजी के लक्ष्मण (33)
घनसाली निवासी राहुल (24)
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए है कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।

टिहरी जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह मौके पर पहुंचे।

दूसरा हादसा अगस्त्यमुनि ब्लाक के भीरी-ककोला मोटरमार्ग पर हुआ। जब बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया।
हादसे में वाहन चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना घटना के 12 घंटे बाद देर रात मिली। हादसा बुधवार रात का बताया जा रहा है। ऊखीमठ पुलिस व एसडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर तीनों के शव खाई से निकाले।

मृतकों के नाम
चालक नवीन सिंह (30) निवासी औरिंग, रुद्रप्रयाग
अंशुल (28) निवासी सुरसाल, रुद्रप्रयाग
अमित सिंह (35) निवासी सुरसाल, रुद्रप्रयाग