कानपुर। कानपुर के सचेंडी में गैंगरेप की घटना के बाद पुलिसिया लापरवाही लगातार सामने आ रही है। सोशल मी़डिया पर रविवार को दो वीडियो वायरल हुए। इसमें आरोपित दारोगा के सामने गैंगरेप पीड़िता से पूछताछ की जा रही है। वहीं आरोपित दारोगा चुपके से किशोरी का वीडियो बनवा रहा है, इसके साथ ही किशोरी व उसके भाई को भटकाने का प्रयास कर रहा है। इस दौरान किशोरी सहमी हुई दिखाई दे रही है। वहीं पर घटना में जेल गया शिवबरन भी खड़ा दिखाई दे रहा है और उसके भाई को धमकाता भी है। वायरल हुए वीडियो घटना के दूसरे दिन के बताए जा रहे हैं। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
सोशल मीडिया पर रविवार को 2 मिनट 8 सेकेंड और 2 मिनट 42 सेकेंड के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। एक वीडियो में आरोपित दारोगा अमित मौर्य कुर्सी पर बैठा नजर आ रहा है, जबकि पीड़िता और उसके भाई खड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। कुछ दूरी पर किशोरी का पिता भी बैठा है। वीडियो में अमित बताता है कि हमारी गाड़ी खड़ी थी, तभी शिवबरन बाइक से आया, हम दोनों लोग अपने-अपने घर निकल गए। इसके बाद भाई पूरी आपबीती बताता हुआ नजर आ रहा है। इसपर दारोगा कहता है कि दिखवा लो, हो सकता है कोई और हो।
वीडियो में किशोरी पुलिस चौकी में खड़े शिवबरन सिंह को पहचान जाती है, जबकि दारोगा को पहचानने से इनकार कर देती है। वायरल हुए दूसरे वीडियो में किशोरी का भाई यू-ट्यूबर शिवबरन को पहचानते हुए कहता है कि बहन को खींचने वाले में एक यही था। दूसरे का नहीं पता। इसपर आरोपित शिवबरन भाई को धमकाते हुए गाली देता है। हालांकि आस पास खड़े पुलिस कर्मी उसे मना नहीं करते। वहीं आरोपित दारोगा एक बार फिर किशोरी के भाई से पूरी घटना पूछता है। पूछताछ के दौरान मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भी मूकदर्शक बने रहे, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मामले को लेकर उच्चाधिकारियों ने वायरल वीडियो की जांच के निर्देश दिए हैं।
दरोगा की तलाश में चार टीमें लगीं
दारोगा अमित मौर्या और उसके मददगार उसे बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। वहीं हाईकोर्ट में अमित का अरेस्ट स्टे पड़ा है, सोमवार को उसकी सुनवाई भी होनी है। वहीं शहर में उसके सरपरस्त जुगाड़ तलाश रहे हैं। अमित अपने सरपरस्तों के माध्यम से कोर्ट में सरेंडर करने की कोशिश कर सकता है। पुलिस के पास अमित की सारी जानकारी होने के बाद भी पुलिस की चार टीमों के हाथ खाली हैं। पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा में पुलिस की टीम लगाई गई है। पीड़िता के भाई ने बताया कि उसे पुलिस के स्टॉफ का पूरा साथ मिल रहा है, उसे न्याय की उम्मीद है। उनका कहना है कि हम आपके माध्यम से सीएम योगी से मांग करते हैं कि रेप का आरोपी दारोगा जल्द से जल्द पकड़ा जाए। उसके आजाद घूमने से मेरी बहन दहशत में है।
भीमसेन चौकी के वायरल हुए वीडियो में भाई काली रंग की स्कॉर्पियो खड़ी देख कर कहता है कि यही काले रंग की गाड़ी थी। दारोगा अमित कहता है कि इसमें काली फिल्म नहीं लगी है। तुमने कल रात को आकर गाड़ी की तलाशी ली थी, लेकिन उसमें बहन नहीं थी। पूछताछ में महिला पुलिस कर्मी नहीं थी।