इधर शांति मीटिंग, उधर रूस ने यूक्रेन में मचाई भारी तबाही, कर दिया धुआं-धुआं

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेनी प्रेसिडेंट जेलेंस्की की रविवार को फ्लोरिडा में शांति वार्ता चल रही थी, लेकिन उधर रूस ने रातभर यूक्रेन पर हमले तेज कर दिए। जबकि दोनों नेता युद्ध खत्म करने के रास्ते तलाश रहे थे, रूसी गोलाबारी ने पूर्वी यूक्रेन में तबाही मचा दी, जिसमें जान-माल का भारी नुकसान की खबर है। यूक्रेनी अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि रूस ने कीव-नियंत्रित डोनेट्स्क क्षेत्र पर रातभर गोलाबारी की, जिससे पूर्वी यूक्रेन के कई इलाके प्रभावित हुए। यह हमले ऐसे समय में हुए जब यूरोप में युद्ध खत्म करने के लिए फ्लोरिडा में ट्रंप और जेलेंस्की के बीच शांति वार्ता चल रही थी।

प्रशासन ने क्या बताया? डोनेट्स्क क्षेत्रीय राज्य प्रशासन और क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ने टेलीग्राम पर साझा बयान में कहा कि रूसी सेना ने रातभर डोनेट्स्क क्षेत्र की बस्तियों पर सात गोलाबारी हमले किए। इन हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच घायल हुए। पोक्रोव्स्क जिले के शाखिवस्का समुदाय में पांच आवासीय मकान पूरी तरह नष्ट हो गए, जिनमें कुचेरेव यार में तीन और ग्रुजकी में दो घर शामिल हैं। वहीं, क्रामाटोर्स्क जिले के लाइमन में एक व्यक्ति घायल हुआ।

मायकोलाइव के स्टारोडुबिवका समुदाय में एक घर पूरी तरह तबाह हो गया और 9 अन्य घरों को नुकसान पहुंचा। स्लोवियांस्क में हमलों से दो निजी घर पूरी तरह नष्ट हो गए, जबकि 42 अन्य घरों और चार वाहनों को भारी क्षति पहुंची। यहां एक नागरिक की मौत हुई और चार अन्य घायल हुए। बखमुत जिले में सिवेर्स्क समुदाय के रिजनिकिवका इलाके में कम से कम दो घरों को नुकसान पहुंचा। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि जारी संघर्ष के बीच अग्रिम मोर्चे वाले क्षेत्रों से 108 नागरिकों को निकाला गया, जिनमें 18 बच्चे भी शामिल हैं।

फ्लोरिडा में ट्रंप-जेलेंस्की की बैठक गौरतलब है कि ये ताजा हमले ऐसे समय हुए जब पूरी दुनिया का ध्यान संघर्ष से जुड़े राजनयिक प्रयासों पर है। रविवार को फ्लोरिडा में ट्रंप के मार-ए-लागो एस्टेट में जेलेंस्की के साथ बैठक हुई थी। दोनों नेताओं ने 20 सूत्री शांति ढांचे, सुरक्षा गारंटी और संघर्ष खत्म करने के लिए संभावित क्षेत्रीय समझौतों पर चर्चा की। बता दें कि ज़ेलेंस्की से मुलाकात से पहले ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से लंबी टेलीफोन वार्ता की थी। उन्होंने इसे ‘अच्छी और बहुत उपयोगी’ बताया।

बैठक के बाद क्या बोले ट्रंप? जेलेंस्की के साथ बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा कि इस बार रूस-यूक्रेन शांति समझौते के लिए उनके पास कोई समय-सीमा नहीं है। रिसॉर्ट के बाहर पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि मेरे पास कोई समय-सीमा नहीं है। आप जानते हैं मेरी समय-सीमा क्या है: युद्ध को खत्म करना। उन्होंने आगे कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने वाला शांति समझौता ‘बहुत करीब’ है और बातचीत से महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

ट्रंप ने कहा कि हमारी बैठक बहुत शानदार रही। हमने कई मुद्दों पर चर्चा की। जैसा कि आप जानते हैं, मेरी राष्ट्रपति पुतिन से दो घंटे से ज्यादा समय तक फोन पर बहुत अच्छी बातचीत हुई। हमने कई बिंदुओं पर चर्चा की। मुझे लगता है कि हम काफी करीब आ रहे हैं, शायद बहुत करीब। राष्ट्रपति और मैंने अभी-अभी यूरोपीय नेताओं से भी बात की… हमने उस युद्ध को खत्म करने की दिशा में काफी प्रगति की है, जो शायद द्वितीय विश्व युद्ध के बाद का सबसे घातक युद्ध है।