Jaipur Road Accident Live: राजस्थान की राजधानी जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र की लोहा मंडी रोड पर सोमवार दोपहर को भयावह सड़क हादसा हो गया. ब्रेक फेल होने के चलते अनियंत्रित डंपर ने पहले एक कार को जोरदार टक्कर मारी, फिर पलटकर तीन अन्य गाड़ियों और 15-20 बाइक सवारों पर जा गिरा. हादसे में 14 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. जिनमें 7 गंभीर और 2 की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है.
कई लोग अभी भी मलबे में फंसे बताए जा रहे हैं. सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संज्ञान लिया और डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा को ग्रीन कॉरिडोर बनवाकर घायलों को SMS अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए. पुलिस, SDRF और मेडिकल टीमें राहत कार्य में जुटी हैं.
सुबह करीब 8 बजे लोहा मंडी रोड पर लोहे से लदा डंपर (RJ-14-GA-XXXX) तेज रफ्तार में आ रहा था. ड्राइवर ने ब्रेक लगाए, लेकिन फेल होने से डंपर पहले एक स्विफ्ट कार जिसपर 5 लोग सवार थे को टक्कर मारते हुए पलट गया. कार चकनाचूर हो गई और डंपर तीन अन्य वाहनों दो कारें और एक ऑटो पर जा गिरा. इससे चेन रिएक्शन हुआ और 10 से ज्यादा गाड़ियां आपस में टकराईं. सड़क पर बाइक सवार और पैदल यात्री कुचले गए.
डंपर पलटते ही चीखें गूंज उठी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डंपर पलटते ही चीखें गूंज उठीं. लोहे की छड़ें बिखर गईं, कई बाइक सवार दब गए. मृतकों में कार सवार दो महिला सहित तीन लोग और चार बाइक सवार शामिल हैं. घायलों में ज्यादातर राहगीर और मजदूर हैं. हरमाड़ा थाना पुलिस ने तुरंत क्रेन, एंबुलेंस और कटर मशीन बुलाई. एसपी जयपुर अनिल कुमार और कलेक्टर गौरव अग्रवाल मौके पर पहुंचे. ट्रैफिक डायवर्ट कर मुख्य सड़कें विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया से सीकर रोड बंद की गई.
SMS अस्पताल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बैठक से उठकर घटना का संज्ञान लिया. उन्होंने सभी विभाग को अलर्ट कर दिया गया है. घायलों को SMS अस्पताल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया जा रहा है. सीएम ने कहा कि कम से कम जनहानि हो, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं. डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा को मौके पर भेजा गया. सीएमओ से जारी बयान में कहा गया कि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमें पहुंच चुकी है. भाजपा विधायक जितेंद्र गोठवाल ने मौके पर पहुंचकर कहा कि घायलों को शीघ्र इलाज मिले, इसके लिए सरकार पूरी मदद करेगी.
अब तक निकाले जा चुके हैं दस शव
हरमाड़ा पुलिस और SDRF की 5 टीमें मलबा हटा रही हैं. अब तक 10 शव निकाले गए, जिन्हें SMS अस्पताल मोर्चरी भेजा गया. घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया, जहां 5 की हालत क्रिटिकल है.पुलिस ने डंपर ड्राइवर को हिरासत में लिया है. प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग और ब्रेक फेल मुख्य कारण माना जा रहा है. प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.
सरकार ने 13 लोगों की मौत की पुष्टि की
जयपुर के हरमाड़ा रोड हादसे में सरकार ने 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि 10 लोग घायल बताए गए हैं. इनमें से 4 को मामूली चोटें आईं और वे कांवटिया व सीएसके अस्पताल में इलाज ले रहे हैं, जबकि 6 गंभीर घायलों को एसएमएस अस्पताल शिफ्ट किया गया. ग्रीन कॉरिडोर की वजह से तीन की हालत अब स्थिर है, जबकि तीन की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, झाबर सिंह खर्रा, सुमित गोदारा और सुरेश रावत मौके पर मौजूद रहे. सरकार ने मृतकों और घायलों को उचित मुआवजा देने की घोषणा की है.
भीषण सड़क हादसे में अब तक 14 की मौत
जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 12 लोग घायल हैं. इनमें से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है और 2 की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. गंभीर घायलों को ग्रीन कॉरिडोर के माध्यम से एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम इलाज में जुटी है. मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, झाबर सिंह खर्रा और सुमित गोदारा सहित कई नेता मौके पर पहुंचे. सरकार ने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की है.