Gold Rate: सोने की कीमत आसमान छू रही है. सोना अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ रहा है. बुलेट की रफ्तार से भाग रहा सोना 1 लाख 13 हजार के आंकड़े को पार कर चुका है. सोने के साथ-साथ चांदी की कीमत डेढ़ लाख रुपये की ऊंचाई को छूने के लिए बेताब है. उन लोगों की चिंता सबसे ज्यादा है जिनके घर शादी-ब्याह है या जो सोने की खरीदारी का प्लान बना रहे हैं. इस बीच नवरात्रि के दिनों में सोने की कीमत में मामूली गिरावट का दौर जारी है. आज भी सोने गिरने के बाद 114044 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 113580 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. लोगों को जीएसटी स्लैब में बदलाव के बाद सस्ते सोने की उम्मीद थी, लेकिन सरकार ने सोने को जीएसटी स्लैब में कटौती से बाहर रखा.
क्या जीएसटी कटौती से सस्ते सोने का तोहफा
जीएसटी स्लैब में बदलाव 22 सितंबर से लागू हो गए, लेकिन सोने पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ा. नेक्स्ट जनरेशन GST रिफॉर्म्स लागू हो गए हैं, लेकिन गोल्ड या सिल्वर पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा. जीएसटी बदलाव की लिस्ट में सोने-चांदी को शामिल नहीं किया गया, यानी पहले की तरह ही अब भी सोने पर 3% GST देना होगा. इसमें 1.5% सेंट्रल GST और 1.5% स्टेट GST शामिल है. जीएसटी के अलावा सोने पर मेकिंग चार्ज पर भी 5% GST अलग से लगता है, जो अभी भी लगता रहेगा.
क्या सोने की कीमत में आएगी बड़ी गिरावट
सोने की कीमत जिस रफ्तार से बढ़ रही है,उसे लेकर जानकारों का कहना है कि इस साल के अंत तक ये 1.5 लाख रुपये के आंकड़े को पार कर लेगा. सोने की कीमत चिंता बढ़ा रही है. जियो पॉलिटिकल इश्यू, कमजोर होता डॉलर और केंद्रीय बैंकों की ओर से धड़ाधड़ हो रही खरीदारी के चलते सोने की कीमत को बल मिल रहा है. इस साल सोना 40 फीसदी तक चढ़ चुका है. बीते 6 सालों में सोने की कीमत 3 गुना बढ़ चुकी है. जिस तरह से सोना बढ़ रहा है, अब उसे लेकर एक्सपर्ट्स बबल का अंदेशा जता रहे हैं.
फूटेगा सोने का बुलबुला ?
सोने की कीमत को लेकर दिग्गज ब्रोकरेज फर्म जेपी मॉर्गन के चेयरमैन सीईओ जेमी डिमन ने बड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि गोल्ड समेत कई एसेट्स बड़े बबल का हिस्सा हो सकती है. जिस तरह से गोल्ड, क्रिप्टो और शेयर बाजार में हालिया तेजी देखने को मिल रही है, वो बड़े बुलबले का हिस्सा हो सकती है. उन्होंने कहा कि पॉजिटिव सेंटिमेंट ने स्टॉक, क्रिप्टो और गोल्ड को रिकॉर्ड लेवल पर पहुंचा दिया है. उन्होंने चेतावनी दी कि ये बुलबुला कभी भी फट सकता है. सिर्फ डिमन ने ही नहीं बल्कि ICICI Prudential के एस नरेन ने भी इसकी आशंका जताते हुए कहा कि गोल्ड की ये तेजी वॉर्निंग साइन है. उन्होंने कहा कि जब कोई भी तेजी इस रफ्तार के साथ तेजी से बढ़े तो वो आगे बड़ा नुकसान करा सकती है. बाजार जानकारों की माने तो सोने की कीमत में गिरावट आ सकती है. हालांकि व्यापक रुझान सकारात्मक बना हुआ है . एक तरफ बड़ी गिरावट की आशंका है तो वहीं दूसरी तरफ जेफरीज का मानना है कि गोल्ड 2 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है.
सोने की आज की कीमत
24 कैरेट वाले सोने की कीमत 113580 रुपये प्रति 10 ग्राम.
22 कैरेट वाले सोने की कीमत 104040 रुपये प्रति 10 ग्राम.
18 कैरेट वाले सोने की कीमत 85190 रुपये प्रति 10 ग्राम.