ग्रेटर नोएडाः बहुचर्चित निक्की हत्याकांड में अब पुलिस की जांच की तस्वीर साफ होती जा रही है. पुलिस ने उस थ्योरी को लगभग खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया कि निक्की की मौत सिलेंडर ब्लास्ट के चलते हुई है. जांच कर रही पुलिस की टीम का कहना है कि निक्की के ससुराल से बरामद थिनर की बोतल और लाइटर एक अहम सबूत हैं, जहां उसको कथित तौर पर ससुराल वालों ने जलाकर मार दिया.
साल 2016 में निक्की-कंचन की हुई थी भाटी परिवार में शादी
हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक बीते 21 अगस्त को ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में निक्की की जलने से मौत हो गई थी. इस पूरे मामले में जो अहम सबूत हैं, वो है निक्की की बहन कंचन द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो. इन वीडियो को लेकर निक्की के परिजनों का दावा है कि यह वीडियो उसी घटना वाले दिन का है. बता दें कि निक्की और कंचन की शादी साल 2016 में भाटी परिवार के दोनों बेटों से हुई थी. यह पूरा मामला अलग-अलग दावों से उलझा हुआ है, जिसमें एक यह भी दावा किया गया था कि निक्की की मौत सिलेंडर ब्लास्ट के चलते हुए है. यही बात कथित तौर पर निक्की ने अस्पताल में भर्ती होने के दौरान कही थी.
निक्की ने क्यों बोला झूठ?
अब पुलिस ने बताया है कि निक्की ने क्यों अस्पताल में सिलेंडर ब्लास्ट की बात कही थी. कासना थाने के एसएचओ धर्मेंद्र शुक्ला ने कहा कि निक्की ने शायद जानबूझकर सच्चाई छिपाई क्योंकि वह नहीं चाहती थी कि कोई जेल जाए. हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा, ‘ऐसा माना जा रहा है कि निक्की नहीं चाहती थी कि कोई जेल जाए, इसलिए उन्होंने अपने अंतिम शब्दों में किसी पर दोष नहीं लगाया.’ वहीं कई जांच करने वाले लोगों का कहना है कि शायद निक्की भाटी ने अपनी बहन कंचन की रक्षा के लिए अपने ससुराल वालों पर आपराधिक मुकदमे से बचाने के लिए सिलेंडर विस्फोट की बात कही हो. हालांकि पुलिस की जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि सिलेंडर ब्लास्ट नहीं हुआ है.
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा
पुलिस टीम ने निक्की की रसोई की तस्वीरें खींचीं और पाया कि वह पूरी तरह से ठीक थी. इसके बजाय, उन्होंने एक खाली थिनर की बोतल और एक लाइटर बरामद किया. दोनों को फोरेंसिक टेस्ट के लिए भेजा गया है. निक्की के शव परीक्षण ने जलने की चोटों के कारण मृत्यु की पुष्टि की है.
Leave a Reply