17 साल की सौम्या दो दिन से लापता, परिवार का रो-रो कर बुरा हाल, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

पटना: पटना के रामकृष्णा नगर की रहने वाली 17 साल की लड़की सौम्या भारती 20 जुलाई से लापता है. इस घटना के बाद परिवावालों ने मामला दर्ज करवाया, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस इस मामले में लापरवाही बरत रही है. परविवार ने बताया कि उन्हें सौम्या के अपहरण की आशंका है और वो उसकी तलाश में जुटे हुए हैं. सौम्या की मां और बहन का रो-रो कर बुरा हाल है, दोनों जितना हो सकता है जहां हो सकता है वहां उसे जा-जाकर ढूंढ रहे हैं.

क्या है मामला?
सोम्या पटना के रामकृष्णा नगर की निवासी है और वो कोतवाली थाना क्षेत्र के हरि निवास इलाके से लापता हुई हैं. परिजन अपहरण की आशंका जता रहे हैं. परिजनों का आरोप है कि पुलिस FIR दर्ज नहीं कर रही है और न ही जांच कर रही है. मां दीपा देवी ने कहा, “रविवार दोपहर में मेरी बेटी पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र के हरि निवास इलाके के मोबाइल शॉप में ड्यूटी के लिए घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद से वापस नहीं लौटी. मुझे आशंका है कि अपहरण हुआ है. कोतवाली थाना में पुलिस हम लोगों की नहीं सुन रही है. शिकायत दर्ज नहीं हो रही न कार्रवाई.”

बहन दिव्या ने बताया कि पुलिस एक्शन नहीं ले रही है, हमारी बात नहीं सुन रही. टालमटोल कर रही है. कुछ दिन पहले सौम्या की एक बेस्ट फ्रेंड ने उसकी तस्वीर इंस्टा आईडी पर लगाई थी और उस पर आपत्तिजनक कमेंट लिखे थे. हम उसकी फ्रेंड के घर गए और उसके परिवार वालों से शिकायत की थी.

बहन ने कहा- पुलिस ने नहीं लिया एक्शन
दिव्या ने आगे कहा, “शिकायत के बाद 14 जुलाई की दोपहर कुछ अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर हमारे साथ मारपीट की. उसमें बिट्टू नाम का लड़का और दूसरे भी शामिल थे. तब हम लोग रामकृष्णा नगर थाने पहुंचे. थाने में मामले की शिकायत दी गई, लेकिन पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद रविवार से मेरी बहन लापता है. लग रहा है उसका अपहरण हो गया है.” जानकारी के मुताबिक पुलिस सौम्या को तलाशने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, विभिन्न एंगल से जांच कर रही है.