पटना ; राजधानी पटना से सटे बख्तियारपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ कृषि विभाग की महिला अधिकारी अर्यमा दीप्ति अचानक लापता हो गई थीं। पुलिस ने अब उन्हें छपरा से बरामद कर लिया है। शुरुआती जांच और सूत्रों के मुताबिक, महिला अधिकारी को उनके प्रेमी के साथ पाया गया है। फिलहाल पुलिस अधिकारी पूरी स्थिति साफ करने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस का इंतजार कर रहे हैं।
हनीमून से लौटी थी दुल्हन
यह मामला इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि अर्यमा दीप्ति की शादी महज 23 दिन पहले हुई थी। उनका विवाह पटना के एक नामी चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) शुभम के साथ हुआ था। शादी के बाद यह जोड़ा नेपाल घूमने गया था। हनीमून से लौटने के तुरंत बाद दीप्ति ने बख्तियारपुर में अपनी ड्यूटी ज्वॉइन की थी। वे यहाँ एक किराए के कमरे में रह रही थीं। किसी को उम्मीद नहीं थी कि नई गृहस्थी शुरू होने से पहले ही ऐसा कुछ हो जाएगा।
पति से बात के बाद मोबाइल हुआ बंद
दीप्ति के लापता होने की कहानी शुक्रवार शाम से शुरू हुई। उनके पति शुभम ने बताया कि 26 दिसंबर को दोपहर 2 बजे उनकी पत्नी से बात हुई थी। तब सब कुछ सामान्य था। दीप्ति ने बताया था कि वे ऑफिस का काम खत्म करके कमरे पर हैं। शाम के बाद अचानक उनका फोन बंद हो गया। इससे परिवार वाले घबरा गए। पटना के हनुमान नगर स्थित उनके घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने आनन-फानन में थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मोबाइल लोकेशन से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने विशेष टीम बनाई। पुलिस ने बख्तियारपुर स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज देखे। लेकिन सबसे बड़ा सुराग कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) से मिला। गायब होने के अगले दिन दीप्ति का मोबाइल थोड़ी देर के लिए ऑन हुआ था। इसकी लोकेशन छपरा में मिली। इसी आधार पर पुलिस वहां पहुंची और उन्हें बरामद कर लिया।
कोर्ट में होगा फैसला
पुलिस ने महिला अधिकारी को सकुशल ढूंढ लिया है। अब उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस उन्हें कोर्ट में पेश करेगी जहाँ उनका बयान दर्ज होगा। पुलिस यह जांच रही है कि दीप्ति अपनी मर्जी से गई थीं या उन पर कोई दबाव था।