भागलपुरः बिहार में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा घटनाओं ने एक बार फिर से राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. गुरुवार की देर रात भोजपुर और बांका जिलों में दो अलग-अलग जगहों पर अपराधियों ने खुलेआम फायरिंग कर दहशत फैला दी. एक घटना शिव मंदिर परिसर में हुई, जबकि दूसरी वारदात चाय की दुकान पर दर्ज की गई. दोनों ही मामलों में दो युवक गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
शिव मंदिर के प्रांगण में चली गोलियांपहली घटना भोजपुर जिले के चांदी थाना इलाके के नरही गांव की है. गुरुवार की देर रात गांव के शिव मंदिर के प्रांगण में कुछ युवक बैठे हुए थे. उसी दौरान दो से तीन की संख्या में हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधी नशे की हालत में थे और किसी दूसरे शख्स की तलाश कर रहे थे. जब उन्हें वह व्यक्ति नहीं मिला, तो वे गुस्से में मंदिर से बाहर आए और बाइक पर बैठकर अंधाधुंध गोलियां चलाने लगे. इस गोलीबारी में गांव के ही मुन्ना प्रसाद का 18 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार बुरी तरह जख्मी हो गया. गोली उसके दोनों पैरों में लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा. आसपास मौजूद लोग तुरंत उसे उठाकर आरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है.