एक स्वेटर से नहीं चलेगा काम, बिहार में दिसंबर शुरू होते ही बढ़ेगी ठंड, फिर 10 डिग्री के नीचे जाएगा पारा

पटना: कल यानी सोमवार से नए हफ्ते और 2025 के आखिरी महीने की शुरुआत हो रही है. महीने के साथ ही कल से मौसम का भी मिजाज बदलने वाला है. जाते-जाते 2025 कंपकपी देने वाला साबित होने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, कल से ठंड में भारी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. उत्तर भारत में सक्रिय होने जा रहा नया पश्चिमी विक्षोभ तापमान को तेज़ी से नीचे गिराएगा.

अभी तक दिन में हल्की धूप से राहत मिल रही थी, लेकिन अब आसमान में बादल मंडराते हुए दिख सकते हैं. इस वजह से तापमान में भारी गिरावट होने की संभावना है. कई जिलों में घने कोहरे की संभावना भी जताई गई है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह सीजन की पहली बड़ी ठंड होगी. इसलिए लोगों को गरम कपड़े, हीटर और बचाव के इंतजाम पहले से कर लेने की सलाह दी जा रही है.

कूल-कूल रहेगा दिसंबर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दिसंबर की शुरुआत होते ही पूरे राज्य में ठंड का असर तेजी से बढ़ने वाला है. पहले सप्ताह में न्यूनतम तापमान अचानक नीचे जाने की संभावना है, जबकि दूसरे सप्ताह में ठिठुरन इतनी बढ़ सकती है कि कई क्षेत्रों में पारा 10 डिग्री से भी कम दर्ज होगा. बढ़ती सर्दी को देखते हुए राज्य सरकार पहले ही सक्रिय हो गई है. सभी जिला प्रशासन को आवश्यक तैयारी समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं, आपदा प्रबंधन विभाग ने चेतावनी दी है कि हर साल दिसंबर से जनवरी के बीच गंभीर शीतलहर का प्रकोप रहता है. इस बार भी तापमान लगातार गिर रहा है, इसलिए तुरंत ठंड से बचाव के उपाय कर लेना बेहद जरूरी है.

कैसा रहेगा मौसम
बिहार मौसम सेवा केंद्र की मानें तो अधिकांश भागों में धुंधला आसमान के साथ शुष्क मौसम की स्थिति बनी रहने की संभावना है. अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में मध्यम से तेज़ गति (40 किमी/घटा तक) की पछुआ हवा चलने की संभावना है. उत्तर-पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी भागों में न्यूनतम तापमान 10-12°C एवं राज्य के अन्य भागों में 12-15°C के बीच रहने की संभावना है. राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 26-30°C के बीच बने रहने की संभावना है.

प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान AQI
पटना 27.3 13.8 147
मुजफ्फरपुर 26 13.6 154
गयाजी 27 11.8 134
पूर्णिया 29.4 14.9 163
भागलपुर 26.4 15.2 132