चलते-चलते दो हिस्सों में बंटी बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन, बिहार के आरा के पास टला बड़ा रेल हादसा

पटना: पटना-आरा-डीडीयू रेलखंड पर शनिवार शाम एक बड़ा रेल हादसा टल गया। दानापुर से बेंगलुरु जा रही 03241 बेंगलुरु सिटी स्पेशल एक्सप्रेस अचानक चलते-चलते दो हिस्सों में बंट गई। यह घटना आरा से आगे कारीसाथ स्टेशन के पास हुई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। इस घटना ने एक बार फिर रेलवे की तकनीकी सुरक्षा व्यवस्था और मेंटेनेंस पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कपलिंग टूटते ही ट्रेन दो भागों में बंटी
ट्रेन आरा स्टेशन से खुलकर बक्सर की ओर तेज रफ्तार से बढ़ रही थी। इसी दौरान कारीसाथ के पास डिब्बों को जोड़ने वाला कपलिंग अचानक टूट गया, जिसके बाद एक तेज झटके के साथ ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। इंजन और आगे के कोच करीब 500 मीटर तक आगे निकल गए, जबकि पीछे के कई डिब्बे ट्रैक पर ही रुक गए।

लोग घबराकर दरवाजों की ओर भागने लगे
लोको पायलट ने झटका महसूस होते ही तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया और ट्रेन को रोका। उसी समय यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घबराकर दरवाजों की ओर भागने लगे।

कई ट्रेनें प्रभावित, अप लाइन पर परिचालन रोका गया
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों और तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर अप लाइन पर परिचालन रोक दिया, जिसके कारण पटना–डीडीयू रूट की कई ट्रेनें प्रभावित रहीं। तकनीकी दल ने कपलिंग टूटने की वजह की जांच शुरू की और मरम्मत कार्य तेजी से शुरू किया। बाद में इंजन को पीछे लाकर बाकी डिब्बों से दोबारा जोड़ा गया। इस दौरान यात्रियों को लगभग दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

समय रहते रुकी ट्रेन, टल गया बड़ा हादसा
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि समय रहते इंजन रुकने से एक बड़ा हादसा टल गया। यदि ट्रेन और अधिक गति में होती, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद अप लाइन पर ट्रेन परिचालन धीरे-धीरे बहाल कर दिया गया है।