बिहार में एक विवाह ऐसा भी! 60 साल के बुजुर्ग पर आया महिला का दिल, पंचायत ने करा दी शादी

बिहार के कटिहार में एक महिला ने 60 साल के बुजुर्ग से शादी की है. सुनकर हैरानी होगी लेकिन प्रेम-प्रसंग में हुई इस शादी की सोशल मीडिया से लेकर हर तरफ चर्चा हो रही है. मंदिर में कराई गई शादी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर लोग शेयर कर रहे हैं. यह पूरा मामला कटिहार के मनिहारी प्रखंड की बाघमारा पंचायत का है. महिला ने बताया कि दो साल से वो प्यार कर रही थी और उसने बिना किसी के दबाव में आए यह शादी कर रही है. वहीं बुजुर्ग ने भी इस बात को माना कि उसने बिना किसी के दबाव में आकर यह विवाह अपनी मर्जी से किया है.

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, बीते बुधवार (13 मई, 2026) की रात गांव के मंदिर में दोनों की शादी कराई गई है. दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. धीरे-धीरे यह मामला गांव में चर्चा का विषय बन गया. इसके बाद बीती रात पंचायत ने दोनों की शादी करा दी. दोनों को पहले समझाया गया था, लेकिन ये एक-दूसरे के साथ रहने की बात कहते रहे. गांव में इसको लेकर काफी देर तक हंगामा भी हुआ.

प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर विवाह के बंधन में बंधा बुजुर्ग
स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों और पंचायत के लोगों ने फैसला लिया कि दोनों की शादी करा दी जाए ताकि विवाद खत्म हो सके. फिर पूरे गांव की मौजूदगी में दोनों को मंदिर ले जाया गया. बुजुर्ग प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर जीवनभर के लिए महिला को अपना लिया. मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने तालियां बजाई और अपना आशीर्वाद दिया.

अब इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे कटिहार में हो रही है. कई लोग इसे सच्चे प्यार की मिसाल बता रहे हैं, तो कुछ इसे हैरानी भरी घटना कह रहे हैं. इस जोड़ी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्यार की कोई उम्र नहीं होती.