Motihari News: रक्सौल के कोइरियाटोला नहर पुल के पास सड़क विवाद के दौरान स्कूल बस चालक से मारपीट करने पर एक युवक को स्थानीय लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा. बच्चों से भरी बस में घुसकर मारपीट करने से माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आरोपी युवक को थाने ले गई.
रक्सौल में सड़क विवाद के दौरान एक स्कूल बस चालक से मारपीट करना एक युवक को भारी पड़ गया. बच्चों से भरी स्कूल बस में घुसकर चालक के साथ जूते से पिटाई करने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग भड़क उठे. घटना रक्सौल के कोइरियाटोला नहर पुल के पास की है, जहां नवनिर्मित पुल का एप्रोच रोड नहीं बनने के कारण आए दिन वाहनों को आने-जाने में परेशानी होती है. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और भी गंभीर हो गया, जिसमें बस चालक के साथ की गई मारपीट साफ तौर पर देखी जा सकती है.
जानकारी के अनुसार, स्कूल बस जब पुल के पास से गुजर रही थी, उसी दौरान एक बाइक सवार युवक बस के पास से निकलने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान बाइक स्कूल बस से टच हो गई. मामूली टक्कर से नाराज बाइक सवार युवक ने आपा खो दिया और बच्चों से भरी स्कूल बस में जबरन घुसकर ड्राइवर के साथ मारपीट शुरू कर दी. युवक ने ड्राइवर को जूते से पीटा, जिससे बस में बैठे बच्चों में डर का माहौल बन गया.
इस घटना को देखकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग गुस्से में आ गए. लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी. कुछ देर के लिए मौके पर तनाव का माहौल बन गया और भीड़ बढ़ती चली गई. इसी बीच घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया.
पुलिस ने भीड़ से आरोपी युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और उसकी जान बचाते हुए थाने ले गई. पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है. उल्लेखनीय है कि कोइरियाटोला नहर पुल पर एप्रोच रोड नहीं बनने के कारण सड़क काफी ऊंची है, जिससे बड़ी गाड़ियों को चढ़ने में परेशानी होती है और अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. इसी वजह से यहां आए दिन विवाद और हादसे होते रहते हैं.