खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के करुआमोड़ में रविवार की देर रात खूनी खेल खेला गया. अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर एक परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस हमले में एक विवाहित महिला की मौत हो गई. वहीं उसके माता-पिता और दो मासूम बच्चे जख्मी हो गए. मृतक महिला की पहचान 28 वर्षीय अर्चना कुमारी के रूप में की गई है, जो कुछ महीने पहले ही अपने मायके आई थी.
महिला की मौत, चार जख्मी:घटना में मृतका अर्चना कुमारी के पिता जयकांत पासवान (50), मां पार्वती देवी, बेटी परी कुमारी और बेटा यश कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं. सोमवार सुबह करीब 5 बजे सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने अर्चना कुमारी को मृत घोषित कर दिया. वहीं, जयकांत पासवान और उनकी पत्नी पार्वती देवी की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है.
मौके पर पुलिस बल तैनात
मौके पर पुलिस बल तैनात:घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. सदर एसडीपीओ मुकुल रंजन सोमवार सुबह सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल-चाल जाना “फिलहाल हमले के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और घटनास्थल पर सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.”-मुकुल रंजन,सदर एसडीपीओ
महिला की मौत, 4 जख्मी
जमीन विवाद की आशंका:सूत्रों के अनुसार, जयकांत पासवान करुआमोड़ में रह रहे थे, जबकि उनका मूल निवास चौथम थाना क्षेत्र के ठुठी मोहनपुर पंचायत के खरैता गांव में है. बताया जा रहा है कि परिवार का पूर्व से भूमि विवाद चल रहा था. आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते परिवार पर हमला किया गया.
घटना का जायजा लेती पुलिस
ग्रामीणों में दहशत: घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.