बिहार बंद के दौरान हिंसा पर एक्शन: सारण पुलिस को 97 चेहरों की तलाश, सोशल मीडिया पर जारी हुईं तस्वीरें

छपरा। छपरा शहर के थाना चौक और नगरपालिका चौक पर 25 जुलाई को हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद अब सारण पुलिस ने उपद्रवियों की पहचान तेज कर दी है। घटना में शामिल संदिग्ध 97 लोगों की तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर सार्वजनिक कर आम लोगों से उनकी पहचान बताने की अपील की गई है।

पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस बल पर हमला किया, सरकारी वाहनों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया तथा आम नागरिकों और मीडिया कर्मियों पर लाठी, डंडे व ईंट-पत्थरों से हमला किया। पुलिस का दावा है कि वीडियो फुटेज और तस्वीरों के आधार पर आरोपितों को चिन्हित किया जा रहा है।

फेसबुक पेज पर अपलोड की गई तस्वीरें
वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर सारण पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज पर 97 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें अपलोड की गई हैं। प्रत्येक तस्वीर को क्रम संख्या के साथ जारी किया गया है, ताकि आम लोग आसानी से पहचान कर पुलिस को सूचना दे सकें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

अलग-अलग घटनाओं के आधार पर किया गया वर्गीकरण
पुलिस ने जारी तस्वीरों को विभिन्न घटनाओं के आधार पर वर्गीकृत किया है। इनमें बैरिकेडिंग तोड़ने के आरोपित 21, राहगीरों के वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले 11, सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी करने वाले 21, पुलिस पर हमला और पथराव करने वाले 12 तथा हिंसक प्रदर्शन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले 33 संदिग्ध शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।

जनसहयोग से होगी गिरफ्तारी में तेजी
सारण पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि जारी तस्वीरों में किसी व्यक्ति की पहचान होती है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से आरोपितों की गिरफ्तारी में तेजी आएगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

इन नंबरों पर दे सकते हैं सूचना
पुलिस ने उपद्रवियों की पहचान संबंधी सूचना देने के लिए कई हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक से 9031827135, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) से 9031827144, जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष से 9031036406 तथा नगर थानाध्यक्ष से 9031827154 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने कहा है कि हिंसा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।