बिहार के छपरा में इंजीनियर की गोली मारकर हत्या, आपसी रंजिश में मर्डर

छपरा: बिहार के छपरा जिले में टाउन थाना क्षेत्र के छपरा कचहरी रेलवे कॉलोनी के समीप मंगलवार की रात एक इंजीनियर की गोली मार हत्या कर दी गयी। आपसी रंजिश में हत्या की आशंका है। पुलिस हत्या के मूल कारण की जांच में जुटी है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय विकास तिवारी के रूप में की गई है, जो रिटायर बैंक मैनेजर के पुत्र बताए जाते हैं। विकास मूल रूप से मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शक्ति नगर मोहल्ले का रहने वाला था।

जानकारी के अनुसार, विकास तिवारी इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुका था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह किसी निजी काम से पटना गया था। ट्रेन से छपरा लौटने के बाद अपने घर शक्ति नगर जा रहा था। इस दौरान रेलवे कॉलोनी के पास अज्ञात अपराधियों ने उसे गोली मार दी। गोली लगने के बाद विकास घटनास्थल पर ही गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर अवस्था में विकास को छपरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी राम पुकार सिंह, टाउन थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजीव कुमार, भगवान बाजार थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर सुभाष कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।

जल्द पकड़े जाएंगे अपराधी
विकास तिवारी दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई नौकरी करते हैं । हत्या की सूचना शक्ति नगर मोहल्ले में जैसे ही फैली बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी छपरा सदर अस्पताल पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।