पटना: नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के साथ ही एक बार फिर से बिहार में शराबबंदी को लेकर बहस छिड़ गई है. कभी नीतीश के इस फैसले में उनके साथ रहने वाले नेता ही अब शराबबंदी कानून पर सवाल उठा रहे हैं. इसी कड़ी में मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह ने भी बड़ा बयान दिया है. उन्होंने बिहार में फिर से शराब चालू करने की मांग की है.
‘बिहार में चालू हो शराब’- अनंत सिंह: अनंत सिंह ने बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शुक्रवार (17 अप्रैल) को मुलाकात की. मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर कहा कि हम कहते हैं कि बिहार में शराब चालू होना चाहिए. मैं भी पक्ष में था कि बिहार में शराब बंद हो. लेकिन बंद होने से दारू पीने वाला पी ही रहा है.
“लोग लुक के पीए की छुप के पीये, इतने है कि रोड पर नहीं चलता है. सरकार दारू चालू कर दे. ये भी कर दें कि रोड पर पीने पर पकड़ाएंगे, तो जाएंगे भीतर(जेल). गांव में तो पी ही रहा है और गलत-गलत नशा कर रहा है. शराबबंदी एकदम गलत है, चालू होना चाहिए.”- अनंत सिंह, मोकामा विधायक
आगे चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान: अनंत सिंह ने सम्राट चौधरी से मुलाकात करके उन्हें बधाई दी और मोकामा क्षेत्र में अस्पताल बनाने की मांग की. साथ ही उन्होंने कहा कि मैं अब आगे चुनाव नहीं लड़ूंगा. ये चुनाव मेरा आखिरी था. आप (सम्राट चौधरी) एक हॉस्पिटल बढ़िया बना दीजिए. अस्पताल बनने से सबको आराम होगा, नहीं तो मरीज को पटना आना पड़ता है. सब सक्षम नहीं होता है. पटना आने में काफी खर्च होता है.अनंत सिंह ने कहा कि सम्राट चौधरी ने अस्पताल बनाने का आश्वासन दिया है.
निशांत को डिप्टी सीएम बनना चाहिए था: निशांत कुमार के राजनीति में आने और डिप्टी सीएम बनने से इनकार करने पर अनंत सिंह ने कहा कि उनकी इच्छा थी. उन्होंने कहा कि हम नहीं बनेंगे. उनकी जो इच्छा थी वह किया. अपनी पिता की विरासत को आगे बढ़ाएं. हम तो चाहते थे कि निशांत राजनीति में एंट्री करे और हम उनको बढ़ाने में मदद करे.