Bihar Chunav 2025: सभी 10 Exit Poll में NDA की वापसी के संकेत, महागठबंधन का बुरा हाल

Bihar Chunav EXIT POLL: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण में राज्य के मतदाताओं ने जबरदस्त उत्साह दिखाया. मंगलवार को 122 विधानसभा सीटों पर हुए मतदान में लगभग 68 प्रतिशत से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया. यह आंकड़ा न केवल पहले चरण के मतदान (65.08%) से अधिक है, बल्कि पिछले कई चुनावों की तुलना में भी बेहतर रहा है. भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, यह बिहार के नागरिकों की लोकतंत्र में गहरी आस्था और उनकी सक्रिय भागीदारी का प्रमाण है. चुनाव आयोग ने बताया कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही और कहीं से भी किसी बड़े व्यवधान की सूचना नहीं मिली. राज्य के ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी केंद्रों तक लंबी कतारें देखने को मिलीं. खास बात यह रही कि इस बार महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से ज्यादा रही.

सुबह से ही मतदान केंद्रों पर भारी भीड़ उमड़ने लगी थी. युवा, बुजुर्ग और पहली बार वोट डालने वाले मतदाता उत्साह के साथ अपने बूथों तक पहुंचे. कई जगहों पर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं भी की गई थीं. राजनीतिक जानकारों का कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर हुआ मतदान राज्य में किसी बड़े राजनीतिक परिवर्तन का संकेत हो सकता है. उनका मानना है कि इस बार मतदाता पूरी सजगता के साथ मतदान करने पहुंचे हैं, जिससे किसी एक गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने की संभावना बनती दिख रही है.

मतदान खत्म होते ही एग्जिट पोल्स की बाढ़
दूसरे चरण का मतदान समाप्त होते ही देशभर के टीवी चैनल और सर्वे एजेंसियां एग्जिट पोल्स (Exit Polls) जारी करने में जुट गईं. इन सर्वेक्षणों में मतदाताओं से बातचीत कर यह अनुमान लगाया गया कि कौन सी पार्टी बहुमत के करीब है. हालांकि, अंतिम फैसला 14 नवंबर को मतगणना के बाद ही सामने आएगा. एग्जिट पोल्स के शुरुआती रुझान बताते हैं कि इस बार भी एनडीए (NDA) को बढ़त मिल सकती है, जबकि महागठबंधन (Mahagathbandhan) का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर नजर आ रहा है.

न्यूज चैनल/एजेंसी एनडीए महागठबंधन अन्य
P-MARQ 142-162 80-98 1-7
दैनिक भास्कर 145-160 73-91 5-10
डीवी रिसर्च 137-152 83-98 2-6
Peoples Pulse 133-159 75-101 2-15
चाणक्य STRATEGIES 130-138 100-108 3-5
POLSTRAT 133-148 87-102 3-5
पीपल्स इंसाइट 133-148 87-102 3-8
जेवीसी पोल 135-150 88-103 3-6
MATRIZE-आईएएनएस 147-167 70-90 2-10

प्रजा पोल 186 50 07
टीआईएफ रिसर्च और जेवीसी पोल का अनुमान
टीआईएफ रिसर्च के सर्वे के मुताबिक, एनडीए को 145 से 163 सीटें, महागठबंधन को 76 से 95 सीटें और अन्य को 3 से 6 सीटें मिल सकती हैं. वहीं, जेवीसी पोल में भी एनडीए की बढ़त कायम रही, जहां एनडीए को 135 से 150 सीटें, महागठबंधन को 88 से 103 सीटें और अन्य को 3 से 6 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है. दोनों पोल में यह स्पष्ट दिखाई देता है कि मतदाताओं ने एक स्थिर सरकार के पक्ष में वोट दिया है.

पीपल्स इंसाइट और डीवी रिसर्च के अनुसार एनडीए मजबूत
पीपल्स इंसाइट ने भी अपने अनुमान में एनडीए को 133 से 148 सीटें, महागठबंधन को 87 से 102 सीटें, जबकि अन्य को 3 से 6 सीटें दी हैं. इसी तरह, डीवी रिसर्च के अनुसार एनडीए 137 से 152 सीटों तक पहुंच सकता है, जबकि महागठबंधन 83 से 98 सीटों पर सिमट सकता है. डीवी रिसर्च ने दावा किया है कि अगर वोटों का ट्रेंड इसी तरह बना रहा तो एनडीए को आराम से बहुमत पार करने में कोई दिक्कत नहीं होगी.

पोल डायरी और दैनिक भास्कर के एग्जिट पोल में एनडीए की बड़ी जीत
पोल डायरी के एग्जिट पोल ने सबसे बड़ा दावा करते हुए कहा कि एनडीए 184 से 209 सीटें जीत सकता है, जबकि महागठबंधन 32 से 49 सीटों तक सीमित रह सकता है. अन्य को 1 से 5 सीटें मिलने का अनुमान है. वहीं, दैनिक भास्कर के एग्जिट पोल में भी एनडीए की सरकार बनने के आसार मजबूत हैं. रिपोर्ट के अनुसार, एनडीए को 145 से 160 सीटें, महागठबंधन को 73 से 91 सीटें, और अन्य को 5 से 10 सीटें मिलने की उम्मीद है.

चाणक्य स्ट्रैटिजीज और IANS Matrize के एग्जिट पोल में भी एनडीए आगे
चाणक्य स्ट्रैटिजीज के अनुसार, एनडीए के घटक दलों में बीजेपी को 70-75 सीटें, जेडीयू को 52-57 सीटें, एलजेपी (रामविलास) को 14-19 सीटें, आरएलएम को 2-3 सीटें और हम को 0-2 सीटें मिल सकती हैं. वहीं, IANS Matrize ने एनडीए को 147 से 167 सीटें, महागठबंधन को 70 से 90 सीटें, और अन्य को 2 से 6 सीटें दी हैं. वोट शेयर के लिहाज से एनडीए को लगभग 48%, महागठबंधन को 37%, और अन्य दलों को 15% वोट मिलने की संभावना जताई गई है.

एनडीए की वापसी तय या फिर चौंकाने वाला नतीजा?
एग्जिट पोल्स के नतीजों में भले ही एनडीए की स्पष्ट बढ़त दिखाई दे रही है, लेकिन कई राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार की राजनीति अक्सर अप्रत्याशित परिणाम देती रही है. महागठबंधन ने भी दावा किया है कि असली तस्वीर मतगणना के दिन ही सामने आएगी. चुनाव आयोग ने 14 नवंबर को मतगणना की तारीख तय की है, और इसी दिन यह तय होगा कि बिहार की सत्ता पर कौन काबिज होगा.