Bihar Chunav 2025 Live Update: बिहार चुनाव से पहले राजद के एक पोस्टर पर सियासी घमासान देखने को मिल रहा है. इस पोस्टर में राजद ने तेजस्वी यादव को ‘बिहार का नायक’ बताया है. इसको लेकर बीजेपी ने निशाना साधा है. बीजेपी के बिहार चुनाव प्रभारी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि बिहार का एक ही जननायक है, और वह हैं भारत रत्न स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर. उन्होंने कहा कि कोई भी उनकी नकल करने की कोशिश करेगा तो जनता उसे स्वीकार नहीं करेगी. धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि नायक कहने से नहीं होता है, काम करने से होता है. तेजस्वी को नायक बताए जाने का तेज प्रताप यादव ने भी विरोध किया है. तेज प्रताप यादव ने कहा कि तेजस्वी जननायक नहीं हो सकते, क्योंकि वे जो भी हैं, अपनी बदौलत नहीं बल्कि मेरे पिता की बदौलत हैं. ऐसे में उनको जननायक नहीं कहा जा सकता है. जब वे अपने बलबूते आएंगे तो सबसे पहले हम ही उनको जननायक बोलेंगे. तेज प्रताप ने कहा कि जननायक राम मनोहर लोहिया हैं, कर्पूरी ठाकुर हैं और लालू प्रसाद यादव जैसे बड़े नेता हैं.
जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने पार्टी विरोधी विचारधारा और आचरण को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए 3 विधायकों और 1 विधान परिषद सदस्य (MLC) सहित कुल 5 नेताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित करते हुए बाहर का रास्ता दिखा दिया है. जिन नेताओं पर यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है, उनमें पूर्व मंत्री हिमराज सिंह, विधायक गोपाल मंडल, विधायक महेश्वर यादव, MLC संजीव श्याम सिंह और प्रभात किरण शामिल हैं. पार्टी ने स्पष्ट किया है कि इन सभी नेताओं को पार्टी के अनुशासन के खिलाफ काम करने के आरोप में निष्कासित किया गया है.
बिहार के उपमुख्यमंत्री और तारापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के परिवार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद का परिवार भ्रष्टाचार और चोरी के लिए जाना जाता है, इसलिए बिहार की जनता उन्हें ‘चोर’ मानती है. सम्राट चौधरी ने आरोप लगाया कि रेल मंत्री रहते हुए लालू प्रसाद ने ‘नौकरी के बदले जमीन’ ली. उन्होंने यह भी कहा कि लालू परिवार के 15 साल के शासनकाल में केवल 94,000 लोगों को सरकारी नौकरी मिली, जबकि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में 18.5 लाख लोगों को नौकरी दी गई. सम्राट चौधरी ने दावा किया कि बिहार की जनता अब काम करने वाली, विकास करने वाली और अच्छी सड़कें बनाने वाली सरकार चाहती है, और केवल खोखले वादे करने से काम नहीं चलेगा, क्योंकि जनता समझ गई है कि लालू परिवार लूट और अपराध करने के लिए है.
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों का वेतन दोगुना करने के बयान पर, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता ऋतुराज सिन्हा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. पटना में सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी यादव हताश दिख रहे हैं, क्योंकि वह पहले भी 2.5 करोड़ सरकारी नौकरी और 1 लाख जीविका दीदियों को नौकरी देने जैसे अव्यावहारिक वादे कर चुके हैं, जिनके लिए बिहार सरकार को 12 लाख करोड़ रुपये की आवश्यकता होगी. उन्होंने कहा कि “जंगल राज” टी-शर्ट और पैंट में घूम रहा है और तेजस्वी यादव ये सब सिर्फ लोगों को लालच देकर गुमराह करने के लिए कह रहे हैं, क्योंकि ये वादे कभी पूरे नहीं किए जा सकते.
“आप सभी को महुआ आकर खुद देखना चाहिए कि मुझे कितना समर्थन मिल रहा है. कोई भी हमारा मुकाबला नहीं कर सकता. कोई भी ब्लैकबोर्ड के सामने खड़ा नहीं हो सकता. … मुसलमानों को निशाना बनाने जैसा माहौल नहीं बनाना चाहिए.”