मौसम की दोहरी मार झेल रहा बिहार, वज्रपात से 5 की मौत, औरंगाबाद में बरस रही आग!

पटना: बिहार इस समय मौसम के दोहरे मिजाज से जूझ रहा है. एक तरफ दक्षिण बिहार भीषण गर्मी है, तो दूसरी तरफ उत्तर और पूर्वी बिहार (कोसी-सीमांचल) में आंधी, बारिश और वज्रपात ने भारी तबाही मचाई है. बीते 24 घंटों के दौरान कोसी-सीमांचल के जिलों में आंधी और ठनका गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई. कई दिनों की भीषण गर्मी के बाद, रविवार की देर रात से मौसम बदलना शुरू हो गया. पटना, वैशाली, समस्तीपुर, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में गर्मी की जगह ठंडी हवाओं और बारिश ने ले ली. वहीं कटिहार का मौसम अचानक बदल गया, जब भारी बारिश के साथ एक जोरदार तूफान पूरे जिले में छा गया.

मौसम विभाग ने आज बिहार के 13 जिलों में आंधी-बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट किया है. इन जिलों में 50KM/H की रफ्तार से हवा चलेगी. साथ ही बिजली और ओले गिरने की आशंका है. वहीं राज्य के अन्य 25 जिलों में गर्मी लोगों को परेशान करेगी. रविवार को आए आंधी-तूफान और बारिश ने किशनगंज में जमकर तबाही मचाई. अब जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाके में जाकर जांच की जा रही है. जिला पदाधिकारी विशाल राज ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन की टीम प्रभावित इलाके में जाकर जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि सामान्य जीवन बहाल करने के लिए जिला प्रशासन प्रयासरत है.

विशाल राज ने बताया कि सामान्य जीवन बहाल करने के लिए जिला प्रशासन प्रयासरत हैं. उन्होंने कहा कि ऊर्जा विभाग की टीम नुकसान हुए इलाके में बिजली बहाल करने के लिए प्रयासरत है.कई इलाके में बिजली व्यवस्था बहाल कर दी गयी है.वही उन्होंने कहा किसानों की फसल नुकसान का मुआवजा देने के लिए जिला प्रशासन प्रयासरत है,फसल नुकसान का आंकलन के लिये कृषि विभाग की टीम को लगाया गया है. बता दें कि शनिवार देर रात शुरू हुई तेज हवाएं लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं. इसके बाद तेज बारिश भी हुई, जो सुबह करीब तीन बजे तक जारी रही. जहां टीन शेड वाले घरों की छतें उड़ गईं.

जिले के कई इलाकों में बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए. तेज हवा और बारिश के कारण खेतों में खड़ी मक्का और आम की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. कई जगहों पर फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है, जिले की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. कई स्थानों पर बिजली के तार टूट गए और पोल क्षतिग्रस्त हो गये थे. उधर औरंगाबाद में लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं . आलम यह है कि सुबह 9 बजे से ही गर्म हवाएं बाह रही हैं. वहीं तापमान पिछले 3 से 4 दिनों से 42 डिग्री से भी ज्यादा दर्ज किये जा रहे हैं.

औरंगाबाद जिला प्रशासन ने लोगों को एहतियात बरतने की अपील की है और अनावश्यक रूप से खासकर दोपहर में घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है. इस प्रचंड गर्मी ने लोगों का जीना दुश्वार कर रखा है और लोग खासे परेशान हैं. गर्मी से बचाव के लिये लोग ईख का रस, नीबू पानी, कोल्ड ड्रिंक्स, लस्सी का सेवन करते दिख रहे हैं, ताकि उन्हें थोड़ी राहत मिल सके. सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को है, जिन्हें इस भीषण गर्मी में भी स्कूल जाना पड़ रहा है.