बिहार: कामाख्या एक्सप्रेस के AC कोच में भीषण चोरी, किसी का फोन तो किसी का पर्स गायब

अगर आप ट्रेन में यात्रा करते हैं तो थोड़ा सावधान रहें. आज-कल एसी कोच में भी चोरी की घटनाएं होने लगी हैं. मामला कामाख्या एक्सप्रेस से जुड़ा है. गुरुवार (08 जनवरी, 2026) तड़के पटना से करीब 30 किलोमीटर पूरब हरदास बीघा स्टेशन के पास कामाख्या एक्सप्रेस में भीषण चोरी हुई. इसके बाद बदमाश हरदास बीघा में चेन पुलिंग कर फरार हो गए. घटना के बाद मीडिया के सामने यात्रियों ने पूरी बात बताई. हालांकि रेल पुलिस इस पूरे मामले पर शांत है. किसी तरह की कोई जानकारी नहीं दी गई और ना ही खबर लिखे जाने तक कोई एक्शन हुआ था. इसको लेकर यात्रियों में भी नाराजगी देखने को मिली.

पटना के बाद न्यू बरौनी में रुकती है कामाख्या एक्सप्रेस
बताया जाता है कि हरदास बीघा स्टेशन के समीप सुबह करीब साढ़े चार बजे 15623 डाउन कामाख्या एक्सप्रेस में कुछ बदमाशों ने अंधेरे का फायदा उठाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया. इसमें करीब आधा दर्जन बदमाश शामिल थे. इसके बाद वे लोग हरदास बीघा में चेन पुलिंग कर आराम से फरार हो गए. यह साप्ताहिक ट्रेन पटना के बाद न्यू बरौनी जंक्शन पर रुकती है.

इस ट्रेन में जोधपुर से कामाख्या की यात्रा कर रहे कमलेश कुमार ने रेल मदद ऐप से आरपीएफ को घटना की सूचना दी. बताया गया कि ट्रेन के एसी कोच (बी-1, बी-6, ए-1और ए-2) में सफर करने वाले कई यात्रियों का पर्स और सामान गायब हुआ है. घटना के बाद रेल पुलिस और पटना के रेल एसपी तक इस पूरे मामले में अंजान बने हुए हैं.

बनारस से सिलीगुड़ी की यात्रा कर रहे ऋषभ कुमार ने कहा कि उनका पर्स, मोबाइल और चेन मिलाकर करीब 25 से 30 हजार रुपये के सामान की चोरी हुई है. अटेंडेंट से बात की तो उसने कहा कि इस ट्रेन में आए दिन पटना से कटिहार के बीच चोरी होती रहती है. उन्होंने बताया कि जब पटना से ट्रेन क्रॉस की तब यह घटना घटी है.

एक यात्री कमलेश कुमार ने बताया, “मेरा पूरा बैग लेकर चला गया है… उसमें पैसा और मोबाइल के अलावा दवा थी. दवा न मिलने से मुझे ज्यादा परेशानी होगी. हम लोग एसी बोगी में इतने पैसे देकर इसलिए आते हैं कि सुरक्षित रहे लेकिन सुरक्षा नहीं मिलती है. न तो जीआरपी और न ही आरपीएफ के जवान दिखते हैं.”