महाशिवरात्रि पर बिहार में हाई अलर्ट! शिवालयों में CCTV, बम और डॉग स्क्वॉड होंगे तैनात, जारी हुआ ये आदेश

पटना: महाशिवरात्रि के महापर्व को लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. त्योहार के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी किया गया है. पुलिस मुख्यालय ने पटना सहित सभी जिलों के एसपी (SP) और एसएसपी (SSP) को निर्देश भेजकर विशेष चौकसी बरतने को कहा है.

शिवालयों पर ‘तीसरी आंख’ का पहरा
मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ मंदिर समेत राज्य के तमाम बड़े शिवालयों और सिद्धपीठों पर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं. मुख्यालय ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी प्रमुख शिव मंदिरों और पूजा स्थलों पर CCTV कैमरों के जरिए पैनी नजर रखी जाए. भीड़भाड़ वाले इलाकों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोकने के लिए सादे लिबास में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.

बम और डॉग स्क्वॉड भी मुस्तैद
सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है. संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल उतारा गया है. पुलिस मुख्यालय ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध वस्तु दिखने पर तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दें.