Bihar Weather: फरवरी में ही तपने लगा बिहार! क्या निकालने पड़ेंगे कूलर-AC या बारिश दिलाएगी राहत?

Bihar Aaj Ka Mausam: मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 19 फरवरी को हिंद महासागर और बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव क्षेत्र बन रहा है. जिसके कारण समुद्र तल से करीब 5.8 किमी चक्रवाती सर्कुलेशन बन रहा है. जिसके कारण सर्दी का मौसम तेजी से विदा ले रहा है.

हिंद महासागर और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से लेकर लक्षद्वीप क्षेत्र तक फैले निम्न दबाव क्षेत्र से संबंधित चक्रवाती परिसंचरण द्वारा निर्मित गर्त, दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल से होकर समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर बना हुआ है.

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरपूर्वी भारत में उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम का प्रभाव बना हुआ है. इसके अलावा 22 फरवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना जताई है.

फरवरी के महीने में ही बिहार का तापमान इतना ज्यादा बढ़ने के पीछे इन्हें बड़ा कारण बताया जा रहा है. रात में भी न्यूनतम तापमान बढ़ रहा है, लेकिन अभी कनकनी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है.

19 फरवरी को दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर दर्ज किया गया. दिन में सबसे अधिक तापमान मोतिहारी में 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रात में सबसे कम तापमान किशनगंज में 10.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.

मौसम विज्ञान के अनुसार पछुआ के कारण मौसम शुष्क बने होने के साथ 30 किमी प्रति घंटा तक हवा चलने के पूर्वानुमान है. दो दिनों के दौरान तापमान में एक से दो डिग्री बढोतरी के आसार हैं.