पटना: IMD ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 12 सितंबर और 13 सितंबर को बारिश का अनुमान जताया है. विभाग ने बताया कि इस दौरान काले बादल छाए रहेंगे. बिहार में इन दिनों मौसम की दोहरी मार पड़ रही है. एक तरफ भीषण बारिश और गरज-चमक लोगों के लिए आफत बनी हुई है. वहीं, दूसरी तरफ बाढ़ का पानी सबकुछ बहा ले जाने को आमदा है. 11 सितंबर, 2025 दिन गुरुवार को पटना, समस्तीपुर, आरा, बक्सर और सारण समेत कई जिलों में बारिश हुई.
शुक्रवार को इन जिलों में होगी बहुत भारी बारिश
12 सितंबर दिन शुक्रवार को पूरे बिहार में बारिश होने की संभावना है. मगर, इसका ज्यादा असर उत्तर बिहार में दिखेगा. सीतामढ़ी और किशनगंज में अत्यंत भारी बारिश हो सकती है. जबकि, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर और अररिया में भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने इन सभी जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 12 सितंबर, (शुक्रवार) और 13 सितंबर (शनिवार) को बारिश का अनुमान जताया है. विभाग ने बताया कि इस दौरान काले बादल छाए रहेंगे.
आप ये सावधानी बरतें
अब यहां पर आपको सावधानी बरतने कि जरूरत है. आप घर से निकलते समय मौसम का हाल जरूर देखें. इन दो दिनों में राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और ठनका गिरने की आशंका है, जिसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
नदियों का जलस्तर बढ़ा, बाढ़ का खतरा बढ़ा
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से बिहार और पड़ोसी राज्यों में हो रही लगातार बारिश के कारण गंगा समेत अन्य नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. बेगूसराय में गंगा नदी सड़क पर बह रही है. वहीं, बगहा में गंडक बराज से 1 लाख 23 हज़ार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. बारिश से नदियां उफान पर है, जिससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.