गोपालगंज: गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के भठवां मोड़ सिसवा जलालपुर रोड पर शराब तस्करी की सूचना पर पहुंची पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से दो राउंड फायरिंग हुई, जिसमें पुलिस की गोली से एक शराब तस्कर घायल हो गया.
कहां का है शराब तस्कर: घायल तस्कर की पहचान सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव निवासी 23 वर्षीय सद्दाम हुसैन के रूप में हुई. पुलिस ने तस्कर के पास से एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और शराब से लदी स्कॉर्पियो बरामद की है. घायल तस्कर को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
गोपालगंज में मुठभेड़
शराब तस्करों ने किया हमला: इस घटना में तस्करों ने पुलिस टीम पर हमला करने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की. इस कार्रवाई में सद्दाम हुसैन के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. हालांकि, उसके दो अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहे.
पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना: कुचायकोट थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर स्कॉर्पियो गाड़ी से शराब की तस्करी कर रहे हैं. इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया और तस्करों का पीछा शुरू किया. भठवां मोड़ के पास तस्करों ने अपनी गाड़ी रोकी और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और एक तस्कर को घायल कर गिरफ्तार कर लिया.
तस्करों की पहचान और आपराधिक इतिहास: पुलिस ने घायल तस्कर सद्दाम हुसैन के दो फरार साथियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. इसके साथ ही सद्दाम के आपराधिक इतिहास की जांच के लिए संबंधित थानों से सत्यापन कराया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
चुनाव से पहले बढ़ाई गई चौकसी: घटना की सूचना मिलते ही गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अवधेश दीक्षित सदर अस्पताल पहुंचे और घायल तस्कर से पूछताछ की. उन्होंने घटनास्थल का भी जायजा लिया. एसपी ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिले में विभिन्न चेकपोस्ट पर निगरानी बढ़ा दी गई है. इस कार्रवाई के दौरान तस्करों ने पुलिस पर हमला किया, जिसके जवाब में आत्मरक्षा के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी.
शराब तस्कर को पैर में लगी गोली
“विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस ने अपनी चौकसी बढ़ा दी है. जिले के सभी प्रमुख चेकपोस्ट पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. शराब तस्करी और अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी और गश्त कर रही है.”-अवधेश दीक्षित, एसपी
पुलिस की सख्ती से अपराधियों में खौफ: गोपालगंज में बीते एक साल में पुलिस और अपराधियों के बीच 11 मुठभेड़ की घटनाएं हो चुकी हैं. इनमें एक अपराधी मारा गया, जबकि 11 अन्य को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया. सभी गिरफ्तार अपराधी इस समय जेल में हैं. पुलिस की कार्रवाइयों में कई अपराधियों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं. इन सख्त कार्रवाइयों के कारण कई अपराधी अब जिले से भागकर दूसरे राज्यों में शरण ले रहे हैं.
पुलिस की कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप: इस घटना के बाद शराब तस्करों और अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है. पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाइयों से अपराधी दबाव में हैं. गोपालगंज पुलिस की यह सक्रियता न केवल शराब तस्करी, बल्कि अन्य अपराधों पर भी लगाम लगाने में प्रभावी साबित हो रही है. पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेंगी.