पटना: बिहार के कई जिलों मेंमौसमने एक बार फिर से करवट ली है. कहीं पर तेज गर्मी तो कहीं पर आंधी-बारिश ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं. पटना मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार (14 मई) को कई जिलों में एक बार फिर आंधी- बारिश का दौर देखने को मिलेगा.
8 की मौत: मौसम के कहर ने बिहार के विभिन्न जिलों में कहर बरपाया है.जमुई और बांका में बिजली गिरने से एक बच्चा समेत 5 लोगों की मौत हो गई है. वहीं 13 मई को नवादा में भी वज्रपात से तीन लोगों की मौत हो गई है. अबतक 8 लोगों की मौत हो चुकी है.
बिहार में फिर मौसम ले सकता है करवट
कैमूर में आफत की आंधी:बुधवार कोकैमूर के भभुआ थाने के बेतरी गांव में आई आफत की आंधी ने जिले में कई आशियानों को उजड़ दिया. कई लोग बेघर हो गए. किसान ने गेंहू के डंठल को जलाने के लिए आग लगाई थी, लेकिन तेज आंधी में उठी चिंगारी ने दो घरों को जला कर राख कर दिया. घर मे रखे अनाज,मवेशी भी जल गए.
मौसम विभाग ने की सावधानी बरतने की अपील
मोतिहारी में बारिश से किसानों पर संकट : वहीं मोतिहारी में बुधवार को तेज धूप और उमस भरी गर्मी बाद देर शाम आसमान में काले बादल छा गए और करीब रात 8 बजे से झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गयी. बर्फ के गोले यानी ओलावृष्टि भी देखने को मिली. अचानक हुई इस बारिश और ओलावृष्टि से लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें भी खिंच गईं.
आज इन 7 जिलों में येलो अलर्ट : बिहार के कटिहार, पूर्णिया समेत सात जिलों में गुरुवार को आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पटना मौसम विभाग की माने तो इन इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी, भारी बारिश की भी संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे में कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है.
पटना में जोरदार बारिश और वज्रपात का अलर्ट : वहीं राजधानी पटना में भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. 50 से 60 किलो प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, भारी बारिश, ओलावृष्टि और व्रजपात की चेतावनी दी गई है. तेज बारिश और आंधी के कारण तापमान में गिरावट होने की संभावना है.
बारिश से किसानों पर संकट
शुक्रवार को कैसा रहेगा मौसम? : 15 मई यानी शुक्रवार को कई जिलों में मौसम करवट लेगी. जिनमें कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सहरसा, सुपौल और मधेपुरा शामिल है. इन जिलों के लिए पटना मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.
लोगों से सतर्क रहने की अपील : पटना मौसम विभाग ने लोगों को मौसम बिगड़ने के दौरान सतर्क रहने की अपील की है. तेज आंधी-बारिश और व्रजपात के वक्त खेत, बिजली के खंभे और पेड़ों से दूर रहने की सलाह दी गई है. खासकर किसानों को एहतियात बरतने के लिए कहा गया है.