Bihar News Today Live Updates: बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने बिहार पुलिस की छवि को खराब करने वाले पुलिसवाले अब सुधरने की सख्त नसीहत दी है. पटना में घरेलू हिंसा और जेंडर आधारित हिंसा पर आयोजित कार्यक्रम में डीजीपी ने महिला थाना के पुलिसकर्मियों को जमकर फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि वर्दी और पिस्टल मिला है तो एरोगेंस मत दिखाइए. डीजीपी ने इस दौरान साफ कहा कि जो पुलिसकर्मी कानून की रक्षा करने के बजाय स्वयं अनैतिक कार्यों या दहेज जैसे अपराधों में संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी. उधर दूसरी ओर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज (बुधवार, 13 मई) पहली बार अपनी फुल कैबिनेट मीटिंग करने वाले हैं. इसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और दोनों उपमुख्यमंत्री समेत कैबिनेट के सभी 35 मंत्री मौजूद रहेंगे. इस बैठक पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं.
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बिहार में NEET 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया है. यह फैसला केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद लिया गया है. NTA ने आश्वासन दिया है कि परीक्षा की नई तिथियां जल्द ही घोषित की जाएंगी. हाल ही में बिहार में NEET परीक्षा में एक संगठित सॉल्वर गैंग की सक्रियता का खुलासा हुआ है, जिसमें 60 लाख रुपए में एक सीट की डील की गई थी. नालंदा पुलिस ने इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से मुख्य आरोपी एक MBBS छात्र है.
गया जी जिले में कथित तौर पर जादू-टोना करने का आरोप लगाकर गांव के कुछ लोगों ने 65 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के उत्तरी लोढ़वे पंचायत की है. महिला की पहचान बच्चू मांझी की पत्नी बुलकी देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सोमवार को गांव के कुछ लोगों ने महिला पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए कथित तौर पर उसकी पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
मौसम विभाग ने आज (बुधवार, 13 मई) प्रदेश के 19 जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जिन जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, उनमें पूर्वी-पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सीतामढ़ी, शिवहर, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज शामिल हैं.