बिहार में ट्रेन हादसा कराने की साजिश? राजधानी एक्सप्रेस ट्रैक पर रखी पानी की टंकी से टकराई

तो क्या बिहार में एक बड़े ट्रेन हादसे की साजिश रची गई थी? अगर ऐसा है तो फिर यह साजिश किसने और क्यों रची? बिहार में राजधानी एक्सप्रेस एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बची है जिसके बाद यह सवाल उठने लगे हैं। दरअसल बिहार और पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के छपरा-बलिया रेलखंड पर चालक की सूझबूझ से डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। यहां शुक्रवार की देर रात डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस रेलवे ट्रैक पर रखी सिंटेक्स पानी की टंकी से टकरा गई, जिससे टंकी इंजन के अगले हिस्से में फंस गई और ट्रेन को तत्काल रोकना पड़ा। हालांकि लोको पायलट की सूझबूझ और इमरजेंसी ब्रेक लगाने से ट्रेन बेपटरी होने से बच गई।

घटना गौतमस्थान रेलवे स्टेशन के पश्चिमी ढाला से करीब 110 मीटर पश्चिम, विजय राय के टोला के समीप हुई। बताया जा रहा है कि गांव के एक मकान की छत पर रखी नीले रंग की सिंटेक्स पानी की टंकी को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने उतारकर मुख्य रेलवे ट्रैक पर रख दिया था। राजधानी एक्सप्रेस से टकराने के बाद करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद इंजन में फंसी सिंटेक्स टंकी को काटकर हटाया गया। इस दौरान रेलखंड पर कुछ समय तक परिचालन प्रभावित रहा। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच में जुटी है।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया। रेलवे सुरक्षा बल के सहायक सुरक्षा आयुक्त अजय कुमार, छपरा आरपीएफ पोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार यादव, रेल थाना पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आरपीएफ की ओर से स्वान (डॉग) दस्ता भी घटनास्थल पर भेजा गया। जांच के दौरान स्वान दस्ता घटनास्थल से सूंघते हुए एक व्यक्ति के दरवाजे तक पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने उस बिंदु को भी जांच के दायरे में शामिल कर लिया है। रेल एसपी वीणा कुमारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रेल थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की सुनियोजित साजिश के एंगल से भी जांच कर रही हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। अज्ञात असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के साथ-साथ दोषियों की गिरफ्तारी के लिए संयुक्त अभियान तेज कर दिया गया है।