खगड़िया: जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस के अनुसार, वाहन जांच के दौरान सब इंस्पेक्टर से सरकारी पिस्टल छीनकर भागने वाले एक आरोपी को जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
वाहन जांच के दौरान पुलिस टीम पर हमला : पुलिस के मुताबिक, बेलदौर थाना क्षेत्र में नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया. जांच के दौरान तीनों पुलिस टीम से उलझ गए और कथित तौर पर एक सब इंस्पेक्टर के साथ मारपीट कर उनकी सरकारी पिस्टल छीनकर फरार हो गए.
भानु प्रताप सिंह, एसपी, खगड़िया
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम : घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर डीएसपी, DIU और बेलदौर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया.
कस्टडी से भागने की कोशिश : पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी को लेकर लौटने के दौरान सकरोहर कुर्बन प्रधानमंत्री पथ पर रांकि बासा के समीप उसने पुलिस अभिरक्षा से भागने और टीम पर हमला करने का प्रयास किया. पुलिस ने पहले उसे आत्मसमर्पण की चेतावनी दी. आरोप है कि जब वह नहीं रुका तो आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल भेजा गया
मुठभेड़ वाली स्थल का निरीक्षण करते एसपी भानु प्रताप
दो फरार साथियों की तलाश तेज: घायल आरोपी की पहचान बेलदौर थाना क्षेत्र के कुर्बान गांव (वार्ड संख्या 4) निवासी लालो सदा के पुत्र अखिलेश कुमार के रूप में हुई है. उसके दो साथी मौके से फरार हो गए. पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
मौके से दो खोखा बरामद : मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने दो खोखा बरामद किए हैं. घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की है.
”सब इंस्पेक्टर से सरकारी हथियार छीनने की घटना के बाद तत्काल कार्रवाई की गई. कस्टडी से भागने और पुलिस टीम पर हमला करने के प्रयास के दौरान आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में आरोपी घायल हुआ. एसआई की पिस्टल आरोपी से बरामद कर ली गई है. छीना गया मोबाइल भी मिल गया है. इसके घर के ही दो अन्य सदस्य फरार हैं जिन्हें गिरफ्तार करने के लिए तलाशी चल रही है.”- भानु प्रताप सिंह, एसपी, खगड़िया
सरकारी हथियार लेकर भागे आरोपी : पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और छीने गए सरकारी हथियार की बरामदगी को लेकर लगातार दबिश दी जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.