बिहार में बेखौफ अपराधी! वकील के बेटे की दिन-दहाड़े हत्या, स्कूल से लौटते वक्त मारी गोली

सहरसा: बिहार के सहरसा जिले से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां बेखौफ अपराधियों ने दिन-दहाड़े सातवीं कक्षा के एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक छात्र की पहचान अंकित कुमार के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय अधिवक्ता (एडवोकेट) का पुत्र था. इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल है.

स्कूल से लौटते वक्त हुआ हमला
जानकारी के अनुसार अंकित कुमार स्कूल की छुट्टी होने के बाद अपने घर की ओर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में एक बाइक पर सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने उसे घेर लिया. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता अपराधियों ने अंकित पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए.

वकील का बेटा था मासूम अंकित
अंकित महज सातवीं कक्षा का छात्र था और उसके पिता जिले के प्रतिष्ठित वकील हैं. मासूम की हत्या की खबर मिलते ही कोर्ट परिसर से लेकर मृतक के गांव तक मातम पसर गया है. लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं कि आखिर अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ इतना कम कैसे हो गया.

जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है. सहरसा पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और उन्हें कड़ी सजा दी जाएगी.