बिहार में अगले 48 घंटे भारी! 5 जुलाई को अचानक पलटेगा इन जिलों का मौसम, जानें IMD अलर्ट

पटना: बिहार के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों पर एक मजबूत कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है. इन दोनों प्रणालियों के असर से बिहार के अलग-अलग जिलों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और भारी बारिश के आसार बन रहे हैं. आइए जानते हैं कल यानी 5 जुलाई 2026 को बिहार का मौसम कैसा रहेगा? आने वाले दिनों में आपको क्या सावधानियां बरतनी होंगी.

कल 5 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक कल बिहार के उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य इलाकों में मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा. कल इन क्षेत्रों के जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिरने की प्रबल आशंका है. साथ ही बिहार के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. विशेष रूप से दरभंगा, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी और पश्चिमी चंपारण जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इन जिलों के लोगों को कल खास सतर्क रहने की जरूरत है.

अगले 48 घंटों में बढ़ेगा पारा, फिर मिलेगी राहत
अगर आप गर्मी से परेशान हैं तो अगले दो दिन थोड़ी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान बिहार के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि राहत की बात यह है कि इस बढ़ोतरी के बाद तापमान में गिरावट आएगी. जिससे उमस और गर्मी से राहत मिलेगी. वहीं रात के तापमान यानी न्यूनतम तापमान में अगले दो-तीन दिनों तक कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है.

जानिए पिछले 24 घंटे का हाल
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे ज्यादा तापमान भभुआ (कैमूर) में 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि सबसे कम तापमान अरवल में 27.1 रहा.

6 से 10 जुलाई तक का आगे का हाल
6 और 7 जुलाई को दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के साथ-साथ गोपालगंज, सारण और सीवान में आंधी-तूफान का अनुमान है. इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में हवा की रफ्तार बढ़कर 40 से 50 किमी प्रति घंटे हो सकती है. भारी बारिश की संभावना है. 8 और 9 जुलाई को उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व के जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. 10 जुलाई को भभुआ, गया, नवादा और रोहतास जिलों में मेघगर्जन के साथ भारी बारिश का अनुमान है.