भागलपुर/कहलगांव: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार रविवार शाम 5 बजे थम गया था. उससे ठीक पहले भागलपुर के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र से एक अजीबोगरीब और हाई-वोल्टेज घटना सामने आई है. इसने पूरे प्रदेश का ध्यान खींचा है. दरअसल, उप-मुख्यमंत्री और बीजेपी के दिग्गज नेता सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर गलती से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की जनसभा के लिए बने हेलीपैड पर उतरने लगा. गलती पता चलते ही आनन फानन में पायलट ने तुरंत हेलीकॉप्टर को उड़ा लिया.
मामला कहलगांव विधानसभा क्षेत्र का है. लोकप्रिय भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव RJD प्रत्याशी रजनीश यादव के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने पहुंचने वाले थे. इस कारण सभा स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा थी और एक हेलीपैड भी बनाया गया था.
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर लैंड करने ही वाला था कि नीचे मौजूद राजद समर्थक आक्रोशित हो उठे. उन्होंने जोर-जोर से हंगामा मचाना शुरू कर दिया और हवा में RJD के झंडे लहराने लगे. विरोध और भीड़ को देखते हुए पायलट ने तुरंत ही सूझबूझ का परिचय दिया और हेलीकॉप्टर को बिना उतारे, वापस हवा में उठाकर दूसरी दिशा में मोड़ लिया.
दरअसल, बगल के ही गांव में NDA गठबंधन से जदयू प्रत्याशी शोभानंद मुकेश के समर्थन में सम्राट चौधरी की जनसभा होनी थी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ऐसा माना जा रहा है कि पायलट ने नीचे जुटी विशाल भीड़ को देखकर भ्रमित हो गया और उसने गलती से RJD की रैली को ही JDU प्रत्याशी की सभा समझ लिया. मजे की बात यह रही कि सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर के ठीक पीछे खेसारी लाल यादव का हेलीकॉप्टर भी आ रहा था, जिसे इसी हेलीपैड पर उतरना था.
घटना के तुरंत बाद आरजेडी प्रत्याशी रजनीश यादव ने इस मामले को लेकर सम्राट चौधरी और NDA पर गंभीर आरोप लगा दिया. “यह भाजपा-जदयू की सोची समझी साजिश थी ताकि खेसारी लाल यादव का प्रचार न हो पाए और हमारी जनसभा बाधित हो जाए.”
भागलपुर के कहलगांव में सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर गलती से आरजेडी की जनसभा में उतरने लगा. जैसे ही लोगों ने देखा, जोर-जोर से RJD के झंडे लहराने लगे. देखिए वीडियो#BiharElection2025 pic.twitter.com/2t1p7BIHlD
— NDTV India (@ndtvindia) November 10, 2025