पूर्णिया:रविवार की देर रात बिहार में भूकंप के झटके महसूस किए गए. कोसी सीमांचल के क्षेत्र में रविवार रात 11 बजकर 6 मिनट पर भूकंप आया. 10 सेकेंड तक धरती डोली, इससे लोगों में दहशत का माहौल हो गया. राज्य के पूर्णिया और किशनगंज में भूकंप के झटके महसूस किये गए हैं.
कोसी-सीमांचल में भूकंप: पूर्णिया और किशनगंज में रविवार रात 11 बजकर 6 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किये गए. यह कुछ सेकेंड के लिए था, जिससे लोगों को समझ नहीं आया. कोई जान माल के नुकसान की खबर नहीं है. कुछ जगहों पर लोग हड़बड़ा कर घर से बाहर निकले लेकिन तब तक कंपन बंद हो गयी थी.
भूटान में केंद्र, चार देशों में डोली धरती:एंड्रॉयड अर्थक्वेक अलर्ट्स सिस्टम के अनुसारभूकंप की तीव्रता 5.3 आकी गई है, जिसका केंद्र भूटान देश के पुनकह प्रांत में बताया जा रहा है. भूकंप से प्रभावित देशो में नेपाल, बांग्लादेश भूटान और भारत शामिल हैं. भारत में बिहार के किशनगंज, पूर्णिया शामिल हैं.
एक ही दिन में दो बार भूकंप: इससे पहले रविवार की सुबह भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. वह करीब 6:35 बजे कंपन हुई. दहशत के कारण लोग अपने घरों और अपार्टमेंटों से बाहर निकलते नजर आए. पटना, सुपौल, अररिया, शिवहर, सिवान और अन्य क्षेत्रों सहित कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे.
भूकंप क्यों आता है?: हमारी धरती के नीचे मौजूद टेक्टोनिक प्लेटें पिघले हुए लावे पर बेहद धीमी गति से तैरती रहती हैं, और इसी हलचल के दौरान जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं या एक-दूसरे में फंस जाती हैं, तो जमीन के अंदर भारी दबाव और ऊर्जा जमा होने लगती है; फिर जब यह दबाव अचानक चट्टानों के टूटने से बाहर निकलता है, तो कंपन होती है. कभी-कभी यह ज्यादा होने से जान-माल का नुकसान होता है.