चंडीगढ़: हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने कॉकरोच जनता पार्टी को सलाह दी है। अनिल विज का कहना है कि कॉकरोच जनता पार्टी को अपना नाम बदल लेना चाहिए। विज ने सीजेपी नाम बदलने के सलाह देते हुए कहा कि कॉकरोच एक बहुत ही गंदा कीड़ा होता है। इसे देखकर एक छोटा बच्चा भी अपनी चप्पल से उसे कुचल देता है। विज ने आगे कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी लड़ाई लड़ने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि ‘कॉकरोच’ शब्द एक गंदे कीड़े से जुड़ा हुआ है, इसलिए किसी संगठन या समूह को इससे नहीं जुड़ना चाहिए।
विज ने एक्स पर किया पोस्ट
विज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि कॉकरोच एक बहुत गंदे कीड़े का नाम है। इसको छोटा बच्चा भी देखकर चप्पल से कुचल देता है। संघर्ष करो, ये प्रजातंत्र में सबको अधिकार है, परंतु अपना नाम बदल दो। बता दें कि सीजेपी ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था। इसके आयोजकों के अनुसार, कई राज्यों के प्रदर्शनकारियों ने भाग लिया। इसमें छात्रों, शिक्षकों और कार्यकर्ताओं ने भाषण दिए और केंद्र सरकार द्वारा शिक्षा संबंधी मुद्दों से निपटने के तरीके की आलोचना की।
कल हम हजारों लोगों ने इतिहास रच दिया। जंतर-मंतर पर हमारे शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन ने सरकार को इस बात का ट्रेलर दिखा दिया कि जब हम कॉकरोच एकजुट होते हैं, तो क्या कर सकते हैं।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने समूह के प्रदर्शन में भाग लेने वाले ‘हजारों’ लोगों को धन्यवाद दिया और आगाह किया कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को सात दिन के भीतर पद से नहीं हटाया गया या उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया तो आंदोलन जारी रहेगा। दीपके ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में जंतर-मंतर पर शनिवार को हुए विरोध-प्रदर्शन को शक्ति प्रदर्शन का ऐतिहासिक उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन शिक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों और युवाओं के बीच बढ़ते गुस्से को दर्शाता है।