बिहार के ‘बड़े साहब’ की संपत्ति देखकर अधिकारी भी हुए हैरान! पत्नी के नाम करोड़ों के फ्लैट, सगुना मोड़ पर दुकानें…

पटना. बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है. स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने शिवहर के उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बृजेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है. प्रारंभिक जांच में करीब 1 करोड़ 84 लाख रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति का खुलासा हुआ है.

छापेमारी में मिला कई गुना अधिक संपत्ति का सुराग
जांच एजेंसी के मुताबिक, छापेमारी और तलाशी के दौरान आरोप से कहीं अधिक संपत्ति के सबूत मिले हैं. बृजेश कुमार और उनकी पत्नी के नाम पर कई अचल संपत्तियों के दस्तावेज बरामद हुए हैं, जो उनकी आय से कहीं अधिक बताए जा रहे हैं.

जांच में सामने आया है कि बृजेश कुमार की पत्नी गीतांजलि कुमारी के नाम पर पटना के दानापुर इलाके में कई संपत्तियां खरीदी गई हैं. वर्ष 2022-23 के दौरान चार अलग-अलग डीड के जरिए कुल 2 करोड़ 26 लाख 69 हजार रुपये की संपत्ति अर्जित की गई. इसके अलावा सगुना मोड़ स्थित ओम गंगा कॉम्प्लेक्स में दो व्यवसायिक दुकान और प्रगति टॉवर में एक दुकान भी खरीदी गई है. पूछताछ के दौरान बृजेश कुमार ने इन संपत्तियों को अपना बताया है.

निवेश और अन्य संपत्ति भी जांच के दायरे में
SVU को विभिन्न बैंकों और वित्तीय संस्थानों में करीब 21 लाख रुपये के निवेश के दस्तावेज भी मिले हैं. इसके अलावा नरकटियागंज में रिश्तेदार से करीब 31 लाख 73 हजार रुपये की जमीन उपहार में लेने का मामला भी सामने आया है, जिसकी जांच जारी है.

संपत्ति घोषणा में नहीं किया जिक्र
सबसे अहम बात यह है कि बृजेश कुमार ने अपनी वार्षिक संपत्ति घोषणा में अपने और पत्नी के नाम पर किसी भी संपत्ति का उल्लेख नहीं किया था. जबकि जांच में कई डीड और संपत्तियों का खुलासा हुआ है. जांच एजेंसी अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं और भी बेनामी या रिश्तेदारों के नाम पर संपत्ति तो नहीं खरीदी गई है. कुल मिलाकर, इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.