मुजफ्फरपुर । राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पारू में पुस्तकालयाध्यक्ष जबरन छात्राओं और महिला शिक्षक के लिए बने शौचालय में प्रवेश करते हैं। महिला शौचालय के कंबोड वाले खंड में ताला लगाकर इसकी चाबी पुस्तकालयाध्यक्ष अपने पास रखते हैं।
दरवाजों और दीवारों पर महिलाओं से जुड़े कई अश्लील और आपत्तिजनक वाक्य लिखे हुए पाए गए। महिला शिक्षक की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी और डीएम को शिकायत करते हुए पुस्तकालयाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की शिकायत के बाद विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ने आरोपों की जांच की।
विद्यालय के छात्राओं, शिक्षकों समेत अन्य गोपनीय सूत्रों से जानकारी प्राप्त करते हुए पुस्तकालयाध्य्क्ष के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई किए जाने की अनुशंसा की गई है। महिला शिक्षक ने डीएम को सौंपे शिकायत पत्र में कहा है कि वे विद्यालय में 17 फरवरी 2024 से कार्यरत हैं और अविवाहित हैं।
इस कारण पुस्तकालयाध्यक्ष शुरुआत से ही उसकी ओर अश्लील इशारा करते हुए मर्यादाहीन फब्तियां कसते हैं। पुरुष शिक्षकों के लिए अलग शौचालय होने के बावजूद वे महिला शौचालय का प्रयोग करते हैं और इसका दरवाजा खोले रखते हैं।
महिला शिक्षक ने शिकायत की है कि 24 जनवरी को विद्यालय के दीवारों और शौचालय के भीतर उससे जुड़ी अश्लील और शर्मनाक टिप्पणियां लिखी हुई पाई गई। इसके कारण उसे गहरा मानसिक आघात और सार्वजनिक अपना झेलना पड़ा।
29 जनवरी को डीइओ को शिकायत करने के बाद भी कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। महिला शिक्षक ने पुस्तकालयाध्यक्ष के बारे में लिखा है कि वे दिव्यांग और स्थानीय हैं। दिव्यांगता का फायदा उठाते हुए वे अक्सर कहते हैं कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।