Bihar Police Constable Exam 2026: बिहार पुलिस में कांस्टेबल भर्ती के लिए 17 जून को होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं. बता दें कि यह परीक्षा 14 जून को भी हुई थी.परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी या नकल की संभावना को खत्म करने के लिए कई नए नियम लागू किए गए हैं. अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर अपना पेन तक ले जाने की अनुमति नहीं होगी. उन्हें केंद्र पर ही पेन उपलब्ध कराया जा रहा है. इसके अलावा परीक्षा शुरू होने के बाद और परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी भी उम्मीदवार को कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी.केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) यानी CSBC की ओर से आयोजित इस भर्ती परीक्षा के जरिए बिहार पुलिस में कांस्टेबल समेत विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं. परीक्षा कई चरणों में आयोजित की जा रही है और इसमें लगभग 16 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं.कुल 4210 पदों पर वैकेंसी है इनमें कांस्टेबल से लेकर जेल वॉर्नर, मोबाइल स्क्वायड कांस्टेबल तक की भर्तियां शामिल हैं.इस लिए आवेदन 6 अक्टूबर 2025 से 5 नवंबर 2025 तक किए गए.एडमिट कार्ड 8 जून 2026 को आ गया था अब यह परीक्षा 14 जून से शुरू है.
मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच पर रहेगी रोक
CSBC ने परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष बनाने के लिए गाइडलाइन बनाई है. इसके तहत उम्मीदवार परीक्षा केंद्र पर पेन लेकर नहीं आ सकेंगे. उत्तर पुस्तिका भरने के लिए उन्हें केंद्र पर ही पेन दिया जाएगा.जिला प्रशासन और परीक्षा अधिकारियों को भी विशेष निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले से लेकर परीक्षा समाप्त होने तक परीक्षार्थी और परीक्षा केंद्र से जुड़े अधिकारी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करेंगे. परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा.नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
परीक्षा खत्म होने तक नहीं जा सकेंगे बाहर
इस बार परीक्षा को लेकर सबसे बड़ा बदलाव यह किया गया है कि कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा समाप्त होने से पहले परीक्षा कक्ष नहीं छोड़ सकेगा. उम्मीदवारों को पूरे समय परीक्षा कक्ष में ही रहना होगा.प्रशासन का कहना है कि भर्ती परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की सूचना लीक होने या अन्य अनियमितताओं को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है. सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं.
परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जा रही है जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी.पहली पाली के लिए उम्मीदवारों को सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा वहीं दूसरी पाली के लिए रिपोर्टिंग समय दोपहर 1 बजे निर्धारित किया गया है इसलिए उम्मीदवार पहले ही अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें.
अलग-अलग समय पर खुलेंगे प्रश्नपत्र और OMR शीट
इस बार दोनों पालियों के लिए अलग-अलग प्रश्नपत्र और OMR शीट तैयार की गई हैं. प्रश्नपत्र खोलने का समय भी निर्धारित किया गया है.पहली पाली के लिए सुबह 9:30 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 2:30 बजे परीक्षा कक्ष में प्रश्नपत्र और OMR शीट वितरित करने की प्रक्रिया शुरू होगी. इसके बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू करने की अनुमति दी जाएगी.
मुजफ्फरपुर में 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए
मुजफ्फरपुर जिले में इस भर्ती परीक्षा के लिए कुल 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यहां परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी सुब्रत कुमार ने अधिकारियों और केंद्राधीक्षकों के साथ बैठक भी की।बैठक में परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन ने कहा है कि भर्ती परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कितने पदों के लिए हो रही है भर्ती?
बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के जरिए कांस्टेबल, सिपाही जैसे पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. विभिन्न रिपोर्टों में पदों की संख्या अलग-अलग बताई गई है. करीब 4200 से अधिक पदों पर भर्तियां होंगी. उम्मीदवारों को अंतिम और आधिकारिक जानकारी CSBC की वेबसाइट से ही प्राप्त करने की सलाह दी गई है.
परीक्षा में किन विषयों से पूछे जा रहे हैं सवाल?
बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, सामान्य ज्ञान और करंट अफेयर्स से प्रश्न पूछे जा रहे हैं.परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न शामिल होते हैं. प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होता है.सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि इस परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं है यानी गलत उत्तर देने पर अंक नहीं काटे जाएंगे.
OMR शीट पर हो रही परीक्षा
यह परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित की जा रही है. अभ्यर्थियों को OMR शीट परउत्तर दर्ज करने होते हैं.परीक्षा की अवधि दो घंटे निर्धारित की गई है. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय प्रबंधन का विशेष ध्यान रखें और सभी प्रश्नों का प्रयास करने की कोशिश करें.
परीक्षा के बाद क्या होगा?
लिखित परीक्षा पूरी होने के बाद CSBC की ओर से प्रोविजनल आंसर-की जारी की जाएगी. इसके साथ ही उम्मीदवारों को ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी मिलेगा.यदि किसी प्रश्न या उत्तर को लेकर आपत्ति होती है तो उम्मीदवार प्रमाण के तौर पर NCERT, RBSE या अन्य मान्यता प्राप्त लेखकों की पुस्तकों का संदर्भ प्रस्तुत कर सकेंगे.आंसर-की डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को अपने लॉगिन क्रेडेंशियल्स का उपयोग करना होगा. इसके बाद वे अपने संभावित अंक भी निकाल सकेंगे.
चयन प्रक्रिया में होंगे तीन चरण
बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी.सबसे पहले लिखित परीक्षा होगी. लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) के लिए बुलाया जाएगा. इसके बाद दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया होगी.अंतिम चयन इन सभी चरणों को पूरा करने के बाद किया जाएगा.
रेलवे ने चलाई 14 स्पेशल ट्रेनें
भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए रेलवे ने भी विशेष व्यवस्था की है.दानापुर मंडल ने 16 और 17 जून को कुल 14 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है. इन ट्रेनों के जरिए हजारों अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और वापस घर लौटने में सुविधा मिलेगी.
16 जून को चलेंगी पांच स्पेशल ट्रेनें
रेल प्रशासन के अनुसार 16 जून की रात पांच विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा.इनमें शामिल हैं-
पाटलिपुत्र से किशनगंज-रात 8 बजे
पटना जंक्शन से नरकटियागंज-रात 9 बजे
पाटलिपुत्र से अररिया- रात 10 बजे
पाटलिपुत्र से नौगछिया- रात 11 बजे
पटना जंक्शन से भभुआ- रात 11:30 बजे
ये ट्रेनें बेगूसराय, खगड़िया, कटिहार, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, गया, डेहरी ऑन सोन और सासाराम जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी.
17 जून को वापसी के लिए चलेंगी नौ स्पेशल ट्रेनें
परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों की वापसी को ध्यान में रखते हुए 17 जून को नौ विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा.इनमें शामिल हैं-
पटना जंक्शन से गया-सुबह 7:15 बजे
बक्सर से पटना-शाम 6 बजे
बक्सर से दानापुर-दोपहर 1:30 बजे
किऊल से गया- दोपहर 12:30 बजे
गया से किऊल- शाम 5:30 बजे
बख्तियारपुर से राजगीर- सुबह 8 बजे और शाम 3:30 बजे
राजगीर से बख्तियारपुर-दोपहर 1 बजे और शाम 6:15 बजे
इन ट्रेनों का संचालन नालंदा, बिहारशरीफ, नवादा और शेखपुरा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों के रास्ते किया जाएगा.