बेगूसराय: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद राकेश कुमार सिन्हा पर आरोप है कि उन्होंने इसी साल दिल्ली विधानसभा चुनाव और अब बिहार चुनाव दोनों में मतदान किया है। राकेश सिन्हा ने आज (6 नवंबर 2025) बेगूसराय के अपने पैतृक गांव मनसेरपुर (साहेबपुर कमाल विधानसभा क्षेत्र) में वोट डालने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उनके इस पोस्ट के सामने आते ही विपक्षी दलों– राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और कांग्रेस ने इसे ‘वोट चोरी’ का एक और उदाहरण बताते हुए चुनाव आयोग और बीजेपी पर हमला बोल दिया है। इस पूरे मामले पर राकेश सिन्हा की ओर से सफाई आई है।
एक ही साल में डबल वोटिंग से बखेड़ा
पूर्व सांसद राकेश सिन्हा ने अपने पैतृक गांव मनसेरपुर (बेगूसराय) में मतदान करने के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, लेकिन कुछ ही देर में यूजर्स उनके पुराने पोस्ट लेकर सामने आ गए। इन पुराने पोस्ट्स में वो इसी साल की शुरुआत में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान द्वारका सीट पर मतदान करते दिखे थे। कांग्रेस सोशल मीडिया प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने सीधे सवाल किया कि ये कौन-सी योजना के तहत हो रहा है? दिल्ली ‘आप’ के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने भी टिप्पणी की कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के विचारक होने के बावजूद, राकेश सिन्हा खुल्लम-खुल्ला नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। सौरभ भारद्वाज ने ये भी कहा कि राकेश सिन्हा दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में पढ़ाते हैं, इसलिए उनका प्राथमिक पता दिल्ली का होना चाहिए।