नीतीश के इस्तीफे की तारीख के साथ बिहार में नई सरकार के गठन का फॉर्मूला तय, निशांत बनेंगे डिप्टी सीएम

पटना: बिहार की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य में नई सरकार के गठन का पूरा फॉर्मूला तय कर लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आगामी 8 या 9 अप्रैल को अपने पद और विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे सकते हैं। उनके इस्तीफे के तुरंत बाद नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारी है, जिसमें सत्ता का संतुलन पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा।

बीजेपी होगी ‘बड़े भाई’ की भूमिका में, JDU को मिलेंगे 2 डिप्टी सीएम
नए फॉर्मूले के तहत, बिहार में अब जनता दल यूनाइटेड (जदयू) आधिकारिक तौर पर बीजेपी के ‘छोटे भाई’ की भूमिका में नजर आएगी। गठबंधन के भीतर तय हुआ है कि जेडीयू को डिप्टी सीएम के दो पद दिए जाएंगे, जैसे वर्तमान में बीजेपी के पास है। इसके साथ ही, कैबिनेट में बीजेपी के बराबर ही जेडीयू के भी 15 मंत्री होंगे। हालांकि, गृह विभाग और विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) का महत्वपूर्ण पद पहले की तरह बीजेपी के पास ही सुरक्षित रहेगा।

निशांत कुमार के लिए डिप्टी सीएम का पद तय
जदयू की ओर से आ रही खबरों के मुताबिक, नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार का डिप्टी सीएम बनना लगभग तय है। वे अपने पिता की रिक्त होने वाली विधान परिषद सीट पर उपचुनाव लड़कर सदन पहुंचेंगे। योजना यह भी है कि नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद निशांत को विधायक दल का नेता चुना जाए और भविष्य में उन्हें पार्टी की कमान सौंपी जाए।

क्या बिहार को मिलेगी महिला डिप्टी सीएम?
दूसरे डिप्टी सीएम के नाम पर सस्पेंस बरकरार है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि यह पद किसी महिला नेता को मिल सकता है। अररिया में ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान नीतीश कुमार की ओर से दी गई हिंट से यह स्पष्ट है कि वे महिला सशक्तिकरण के अपने एजेंडे को आगे बढ़ाते हुए जदयू से किसी महिला चेहरे को डिप्टी सीएम बना सकते हैं।

नई सरकार में छोटे सहयोगी दलों की भूमिका क्या होगी?
नई सरकार में एनडीए के अन्य सहयोगियों को भी तवज्जो दी जाएगी। बताया जा रहा है कि चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति (रामविलास) को दो मंत्री पद, उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को पहले की तरह एक मंत्री पद और जीतन राम मांझी की ‘हम’ को भी एक मंत्री पद दिया जाएगा।

नीतीश के बाद कौन होगा बिहार का अगला मुख्यमंत्री?
मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर सस्पेंस बना हुआ है, लेकिन लव-कुश (कुर्मी-कुशवाहा) समीकरण को साधने के लिए सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा नेतृत्व ने नीतीश कुमार को उनकी पसंद का मुख्यमंत्री चुनने का आश्वासन दिया है। चूंकि निशांत कुमार (कुर्मी समाज) डिप्टी सीएम बन रहे हैं, ऐसे में सम्राट चौधरी (कुशवाहा समाज) को सीएम बनाकर समीकरण दुरुस्त किया जा सकता है। हालांकि, अभी इस पर औपचारिक मुहर लगना बाकी है।