प्रदेश में मानसून का प्रभाव दिखेगा। इसके कारण पटना सहित कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार बंगाल की खाड़ी में हवा का चक्रवाती परिसंचरण बने होने के साथ उत्तर बिहार से उत्तर पश्विम बंगाल की खाड़ी तक एवं झारखंड और गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल से होकर मानसून ट्रफ गुजरने के कारण मौसम में बदलाव के आसार है।
अगले 24 घंटे के दौरान पटना सहित 14 जिलों में मेघ गर्जन के साथ भारी व अति भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है। राज्य में बादलों की आवाजाही बने होने के साथ मेघगर्जन, वज्रपात की स्थिति बनी रहेगी।
प्रदेश के बेगूसराय, गया, जमुई और नवादा में अति भारी वर्षा एवं पटना सहित अरवल, भोजपुर, बक्सर, जहानाबाद, किशनगंज, नालंदा, रोहतास और शेखपुरा में भारी वर्षा की संभावना है। कई स्थानों पर हवा की गति 30-40 किमी प्रतिघंटा रहने की संभावना है। इस सप्ताह उत्तर बिहार के साथ पटना सहित दक्षिण बिहार में वर्षा की गतिविधियां बने रहने की संभावना है।
बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अलग-अलग भागों में वर्षा दर्ज की गई। गया के डोभी में 96.8 मिमी सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई। शनिवार को वाल्मीकि नगर और मोतिहारी को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
पटना का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस एवं 35.8 डिग्री सेल्सियस के साथ पूर्वी चंपारण में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। शनिवार को पटना सहित आसपास इलाकों में दिन भर उमस भरी गर्मी का प्रभाव बना रहा। शाम में बादलों की आवाजाही के साथ अलग-अलग भागों में बूंदाबांदी से मौसम सामान्य रहा। गया, औरंगाबाद एवं पूर्णिया सहित अन्य भागों में हल्के से मध्यम स्तर की वर्षा दर्ज हुई।
प्रमुख शहरों में दर्ज हुई वर्षा
पूर्णिया के धमदाहा में 96.8 मिमी,औरंगाबाद के मदनपुर में 65.4 मिमी, रफीगंज में 60.6 मिमी, देव में 48.2 मिमी, पूर्णिया के कृत्यानंद नगर में 46.3 मिमी, अमौर में 46.2 मिमी, किशनगंज के ठाकुरगंज में 45.2 मिमी, मधेुपरा के मुरलीगंज में 40.6 मिमी, किशनगंज के चरघरिया में 39.0 मिमी, रोहतास में 37.0 मिमी, किशनगंज के पोठिया में 34.6 मिमी, पश्चिम चंपारण के त्रिवेणी में 34.0 मिमी, पूर्णिया के बैसा में 32.2 मिमी, बनमखी में 31.6 मिमी, कस्बा में 31.2 मिमी, किशनगंज में 29.8 मिमी, तैबपुर में 29.6 मिमी, मधेपुरा के कुमारखंड में 26.8 मिमी, लखीसराय में 26.0 मिमी, पूर्णिया में 23.6 मिमी, सहरसा के सतार कटैया में 21.6 मिमी, बगहा में 21.2 मिमी, गया के बाराचट्टी में 20.2 मिमी, सहरसा के खैरा में 18.2 मिमी, सिवान के जीरादेई में 17.2 मिमी, पश्चिम चंपारण के सिकटा में 16.8 मिमी एवं गया के शेरखाटी में 16.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।