बिहार में NH-27 पर भीषण सड़क हादसा, महिला समेत हरियाणा के 5 लोगों की मौत; दो गंभीर

कुरुक्षेत्र। बिहार के मधुबनी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर खोपा-परसा चौक के बीच सड़क हादसे में हरियाणा के पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें गांव कनिपला और गांव रावलखेड़ी के युवा और एक महिला शामिल हैं।

इस घटना की सूचना मिलने के बाद गांव के मौजिज व्यक्ति बिहार के लिए रवाना हो गए हैं। अभी ग्रामीण भी इसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं बोल रहे है। ग्रामीणों को कहना है कि अभी उन्हें पूरी तरह से जानकारी नहीं मिली है। ग्रामीणों के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान कनिपला निवासी संजीव, रावलखेड़ी के विकास, अंकुश कुमार और महबूब आलम की पत्नी रजिया (29) के रूप में हुई है। घायलों में ऋतिक और कपिश का इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक विरवार की सुबह करीब चार बजे यह हादसा हुआ।

बताया यह भी जा रहा है की संजीव अपने दोस्त से गाड़ी लेकर घूमने जा रहा था। ग्रामीणों को बिहार पुलिस द्वारा गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर गाड़ी मालिक से संपर्क किया गया, जिसके बाद उन्हें घटना के बारे में पता चला।

हालांकि मृतकों के स्वजनों को घटना के बारे में फिलहाल नहीं बताया गया है और परिवार के कुछ मौजिज लोगों को ही इसकी जानकारी है। कुछ स्वजन शव लेने के लिए बिहार के मुधबनी के लिए रवाना हो गए हैं, जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंपे जाएंगे।